लखनऊ: सराफा, बर्तन और वाहन बाजार में धनतेरस के चलते दिखी रौनक

लखनऊ। धनतेरस के चलते राजधानी के सभी प्रमुख बाजारों में रौनक देखने को मिली। सबसे अधिक भीड़ सराफा बाजार में रही। इसके बाद बर्तन बाजार और वाहनों के शोरूम में लोग अपने पसंदीदा वस्तुओं की बुकिंग कराते नजर आए। व्यापारियों के अनुसार पिछले दो साल से कोरोना संक्रमण के चलते बाजार प्रभावित है। इस बार व्यापारियों ने खासी उम्मीदें लगा रखी है। अनुमान है कि इस बार राजधानी में 2500 करोड़ से ऊपर का व्यापार धनतेरस के दिन होगा।

मंगलवार को धनतेरस के चलते राजधानी आलमबाग, आशियाना, चौक, निशातगंज, इंदिरा नगर और गोमती नगर में सराफा बाजार सज गए हैं। सराफा दुकानदारों ने अपने यहां पारम्परिक सोने आभूषणों के साथ ही हीरे आधुनिक डिजाइन वाले खूबसूसत सेट भी बाजार में उतारे हैं। लखनऊ सराफ एसोसिएशन के सचिव प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि सराफा बाजार में एक हजार करोड़ रुपए का व्यापार होने का अनुमान है। मंगलवार को होने वाली भीड़ को देखते हुए आभूषण की बुकिंग सोमवार को भी हुई। चांदी के सिक्के के साथ ही खरीदारों ने गिन्नियों की बुकिंग कराई।

लखनऊ मेंटल मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस बार बर्तनों का व्यापार 200 करोड़ से ऊपर का होगा। बाजार में सबसे अधिक डिमांड तांबे वाले बर्तनों की हो रही है। स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लोग तांबे और फूल वाले बर्तनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके अलावा स्टील के बर्तन भी लोगों की डिमांड में बने हुए हैं। वाहन बाजार में भी रौनक देखने को मिली। लोग पसंदीदा वाहनों की बुकिंग करा रहे थे, लेकिन इस बार वाहन बाजार में गाड़ियों की कमी रही। कोरोना संक्रमण के दौरान किए गए लॉकडाउन के चलते वाहनों का निर्माण कार्य प्रभावित रहा। चार पहिया वाहनों में लंबी बुकिंगचल रही है। खास बात यह रही कि इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की बुकिंग भी लोग कराते नजर आए।

पं.प्रवीण वाजपेई के अनुसार दो नवंबर को धनत्रयोदशी (धनतेरस) कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी को धनतेरस के रूप में मनाया जाएगा। इस वर्ष कन्या राशि और हस्त नक्षत्र का संयोग बन रहा है। त्रयोदशी तिथि दो नवंबर मंगलवार को दिन में 11:31 से शुरू होकर तीन नवंबर सुबह 9:02 बजे तक रहेगी। ऐसे में खरीदाराें के लिए सुबह 11:31 बजे से लेकर देर रात तक खरीदारी का मुहूर्त हैं।

Related Articles

Back to top button