Om Birla: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी, बयान को लेकर बढ़ा विवाद

Om Birla: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। विपक्षी दल उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में जुटे बताए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर सदन की कार्यवाही के दौरान निष्पक्षता नहीं बरत रहे हैं, जिससे सांसदों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हाल ही में दिया गया उनका एक बयान इस विवाद की मुख्य वजह बना है।

दरअसल, स्पीकर ओम बिरला ने गुरुवार को सदन में कहा था कि उन्होंने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा में आने से रोक दिया था। उनका कहना था कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली थी कि कुछ कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री के आसन तक पहुंचकर अप्रत्याशित कदम उठा सकते हैं, जिससे कोई अप्रिय स्थिति पैदा हो सकती थी। बिरला ने आशंका जताई कि यदि ऐसी घटना होती तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण साबित होती।

Also Read: Uttar Pradesh: गंगा एक्सप्रेसवे पर कहर, तेज रफ्तार कार ने 7 युवतियों को कुचला, 4 की दर्दनाक मौत

प्रधानमंत्री मोदी को उस दिन धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन अंतिम समय पर उनका संबोधन टाल दिया गया। स्पीकर के इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी और आरोप लगाया कि इस तरह के बयान से विपक्ष की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। कई विपक्षी नेताओं ने इसे संसद की गरिमा के खिलाफ बताते हुए स्पष्टीकरण की मांग की है।

सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दल इस मुद्दे पर एकजुट होकर आगे की रणनीति बना रहे हैं और जरूरत पड़ने पर स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी ला सकते हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई प्रस्ताव पेश नहीं किया गया है। आने वाले दिनों में संसद के भीतर इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button