Ramayanam Movie: रामायणम् में रणबीर कपूर का डबल रोल, राम के साथ निभाएंगे एक और अहम किरदार
दीवाली 2026 पर रिलीज होगी फिल्म, टीजर में राम और परशुराम की झलक ने बढ़ाया एक्साइटमेंट
Ramayanam Movie: बॉलीवुड अभिनेता Ranbir Kapoor इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म रामायणम् को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म का टीज़र रिलीज हुआ, जिसमें उन्हें भगवान राम के अवतार में देखा गया, और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली।
अब इस फिल्म को लेकर एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर कपूर इस फिल्म में डबल रोल निभाते नजर आएंगे। वह सिर्फ भगवान राम ही नहीं, बल्कि भगवान विष्णु के एक और अवतार परशुराम का किरदार भी निभाएंगे। इस बात की पुष्टि खुद रणबीर कपूर ने लॉस एंजिल्स में हुए टीज़र लॉन्च इवेंट के दौरान की।
रणबीर कपूर ने बताया कि दोनों किरदारों की प्रकृति और व्यक्तित्व बिल्कुल अलग हैं। ऐसे में उन्होंने राम और परशुराम के लिए अलग-अलग बॉडी लैंग्वेज, हाव-भाव और आवाज के उतार-चढ़ाव पर खास ध्यान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि इन दोनों अवतारों की आध्यात्मिकता और भावनाओं को समझना उनके अभिनय का सबसे अहम हिस्सा रहा।
एक्टर ने खुलासा किया कि उन्होंने इस फिल्म की तैयारी के लिए लगभग एक साल का समय दिया, ताकि वे इन किरदारों की सोच, मान्यताओं और उद्देश्य को गहराई से समझ सकें।
फिल्म के टीज़र में राम और परशुराम के बीच होने वाली ऐतिहासिक मुलाकात की झलक भी दिखाई गई है। पौराणिक कथा के अनुसार, माता सीता से विवाह के बाद अयोध्या लौटते समय राम की मुलाकात परशुराम से होती है, जहां दोनों के बीच टकराव की स्थिति बनती है। हालांकि बाद में परशुराम को यह अहसास होता है कि राम भी भगवान विष्णु के अवतार हैं।
यह फिल्म दीवाली 2026 पर रिलीज होने की तैयारी में है और दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।
Written By: Kalpana Pandey



