Ranchi: 7 मई को झारखंड के छह स्थानों पर होगा नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल
Ranchi: पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र, देशभर में 7 मई को नागरिक सुरक्षा से जुड़ी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। झारखंड में यह अभ्यास पांच जिलों के छह स्थानों पर किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मॉक ड्रिल का आयोजन रांची, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), गोड्डा और साहेबगंज जिलों में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बोकारो जिले के गोमिया में भी नागरिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष अभ्यास किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रव्यापी नागरिक सुरक्षा अभ्यास वर्ष 1971 में भारत-पाक युद्ध से पूर्व आयोजित किया गया था। उस समय हवाई हमलों से बचाव की तैयारी और ब्लैकआउट प्रोटोकॉल पर विशेष जोर दिया गया था।
मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट एक्सरसाइज क्या होती हैं?
मॉक ड्रिल दरअसल एक पूर्वाभ्यास होता है, जिसका उद्देश्य यह जांचना होता है कि किसी आपातकालीन स्थिति—जैसे हवाई हमला, बम विस्फोट या अन्य आतंकी गतिविधियों—के दौरान आम नागरिक और प्रशासन कितनी तत्परता से प्रतिक्रिया देते हैं। यह ड्रिल प्रशासनिक तैयारियों और आम जनता की सजगता को परखने का एक माध्यम होती है।
Ranchi: also read– Met Gala 2025: शाहरुख खान की भव्य एंट्री, विदेशी मीडिया के सामने यूं दिया अपना परिचय
ब्लैकआउट एक्सरसाइज के अंतर्गत, एक निश्चित समयावधि के लिए पूरे क्षेत्र की सभी लाइटें बंद कर दी जाती हैं। इसका उद्देश्य यह दिखाना होता है कि यदि कोई दुश्मन हमला करता है, तो उस स्थिति में क्षेत्र को अंधेरे में कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है, जिससे दुश्मन को लक्ष्य साधने में कठिनाई हो। यह अभ्यास न केवल प्रशासनिक तैयारियों की परीक्षा है, बल्कि आम नागरिकों को भी सतर्क और जागरूक रहने का संदेश देता है।