Sonbhadra News-दीपावली की पूर्व संध्या पर कांशीराम आवास परिसर में बच्चों को दीये और मिठाई वितरित
Sonbhadra News-दीपावली की पूर्व संध्या पर रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित कांशीराम आवास परिसर में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अजीत चौबे ने बच्चों के बीच मिट्टी के दीये और मिठाई वितरित कर दीपोत्सव की खुशियाँ साझा की।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। बच्चे दीये पाकर बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने जय श्रीराम व भारत माता की जय के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर श्री चौबे ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश, असत्य से सत्य और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने का प्रतीक है। कहा कि दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्चे अर्थों में दीपावली मनाने का तरीका है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग न केवल हमारी परंपरा को सशक्त करता है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और कारीगरों को भी मजबूती प्रदान करता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि इस दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये जलाएँ, प्लास्टिक या चीन निर्मित वस्तुओं का बहिष्कार करें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि “जब हम स्वदेशी को अपनाते हैं, तो आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी साकार करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में देश की समृद्धि, शांति व आपसी सद्भाव की कामना की। इस अवसर पर भाजपा चूर्क मण्डल अध्यक्ष दिलीप चौबे , विनय पाठक, वरुण त्रिपाठी,विजय पटेल,सौरभ,अनुपम अन्य लोग उपस्थित रहे।