Sonbhadra News-नीलांबर-पीतांबर स्मृति सम्मान समारोह में बोले असम के राज्यपाल
Sonbhadra News-सदर विधानसभा क्षेत्र के पटना शिव मंदिर परिसर में आयोजित नीलांबर-पीतांबर स्मृति सम्मान समारोह का शुभारंभ असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने “बिरसा मुंडा अमर रहें, नीलांबर-पीतांबर अमर रहें” के जयघोष के साथ किया।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज आदिवासियों, गिरवासियों और वनवासियों का सम्मान पुनः स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस आज़ादी के सपने को बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर जैसे जनजातीय क्रांतिकारियों ने देखा था, वह सपना आज साकार हो रहा है। यह दिन पूरे देश और विशेषकर जनजातीय समाज के लिए गौरव का दिन है।
राज्यपाल ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए हमें एकजुट रहना होगा। कुछ शक्तियाँ देश को कमजोर करने की साजिश रचती हैं, उनसे सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “हमारी और आपकी एकता ही राष्ट्र की एकता है।”
कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे और शारदा खरवार ने भी अपने विचार रखे। समारोह में एक दर्जन से अधिक आदिवासी समूहों के उन लोगों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने क्षेत्र में विशिष्ट कार्य किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमलावती खरवार (पूर्व विधायक घमड़ी खरवार की पत्नी) ने की, जबकि संयोजन मुन्ना धनगर द्वारा किया गया।
अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने सम्मान पत्र का वाचन किया। कार्यक्रम के संरक्षक भाजपा काशी क्षेत्र के पूर्व उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा थे। इस अवसर पर राज्यपाल का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर भव्य स्वागत किया गया।
इससे पूर्व राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने सिलथम गांव में स्थित आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हरिवंश धांगर और विष्णु धांगर स्मृति द्वार का लोकार्पण किया, जिसका निर्माण विधायक निधि से कराया गया है। उन्होंने रामगढ़ बाजार में कालिदास शिक्षण संस्थान तक ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित इंटरलॉकिंग संपर्क मार्ग का भी उद्घाटन किया।
राज्यपाल के आगमन पर सोनभद्र जिला मुख्यालय से लेकर पटना तक नागरिकों और स्कूली बच्चों ने वंदे मातरम् के जयघोष और माल्यार्पण कर स्वागत किया। रामगढ़ कस्बे में अपने छोटे भाई शीतल आचार्य के आवास पर भी राज्यपाल पहुँचे, जहाँ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। डीएम बद्रीनाथ सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी, सीओ रणधीर मिश्रा समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सुबह से ही व्यवस्था में जुटे रहे।
राज्यपाल का जनपद आगमन बुधवार शाम चार बजे हुआ था। आगमन पर उन्होंने सबसे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश मिश्र के आवास पर भेंट की और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस, चूर्क में किया। इस दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे जिनमें अशोक मिश्रा, डॉ. धर्मवीर तिवारी, अजीत चौबे, अजीत रावत, रूबी प्रसाद, पुष्पा सिंह, अनूप तिवारी, बृजेश श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
Sonbhadra News-Read Also-Sonbhadra News-शिक्षकों ने गणित के टीएलएम व नवाचार का लगाई प्रदर्शनी



