Sonbhadra News-सोनभद्र में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Sonbhadra News-कोडीन युक्त कफ सिरप की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ एसआईटी टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय और क्रॉस-बॉर्डर ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए अहम सफलता हासिल की है।

थाना रॉबर्ट्सगंज में पंजीकृत एनडीपीएस एक्ट के मामले में शामिल ड्रग माफिया शुभम जायसवाल के दो करीबी सहयोगियों—संस्कार वर्मा और विनोद कुमार वर्मा (निवासी प्रयागराज) को एसआईटी टीम ने गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह सामने आया कि दोनों आरोपियों ने बांग्लादेश बॉर्डर के पास अगरतल्ला (त्रिपुरा) क्षेत्र में कुल 59,675 शीशियां भेजी थीं।

गौरतलब है कि 18 अक्टूबर 2025 को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो कंटेनरों को पकड़ा था। इन कंटेनरों में चिप्स और नमकीन की पेटियों के बीच छिपाकर कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप रखी गई थी।

अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से दिल्ली स्थित “वान्या इंटरप्राइजेज” के माध्यम से कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप मंगाकर अन्य राज्यों में तस्करी करते थे। तस्करी को छिपाने के लिए इन नशीले पदार्थों को नमकीन और चिप्स के इनवॉइस पर कंटेनरों में छिपाकर अगरतल्ला (त्रिपुरा) के रास्ते बांग्लादेश बॉर्डर तक भेजा जाता था।

एसआईटी के अनुसार, यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था और नशाखोरी के लिए कोडीन युक्त कफ सिरप की आपूर्ति कर रहा था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले से वांछित थे और 1,19,675 शीशियों की बरामदगी वाले मामले में शामिल थे।

फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।

Read Also-Cricket IPL 2026 Updates: MI vs RCB! रोहित शर्मा या विराट कोहली, किसका रहा पलड़ा भारी? आंकड़े कर देंगे हैरान

Related Articles

Back to top button