Sonbhadra News-लोकतंत्र मानवता के लिए आवश्यक : श्याम दोहरे
सामाजिक कार्यों में अध्यात्म को जोड़ने की हुई वकालत
Sonbhadra News-स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम में गुरुवार को दो दिवसीय ग्राम स्वराज्य सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन 80 वर्षीय वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्राम स्वराज के विशेषज्ञ श्याम दोहरे, चंद्रशेखर प्राण, मनीषा चटर्जी और ग्राम प्रधान विंदु देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि श्याम दोहरे ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र पूरी दुनिया की मानवता के लिए अनिवार्य है, अन्यथा इतिहास में युगांडा जैसे देशों में सैनिकों ने जनता की आवाज को कुचलने का काम किया। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र वह मजबूत आधार है जिसके माध्यम से हम मानव जीवन को सुखमय बना सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में निराशा का भाव बढ़ रहा है, जिसे दूर करने के लिए प्रशासन पर निर्भरता घटानी होगी और आम नागरिकों की भूमिका को सक्रिय बनाना होगा। दोहरे ने कहा कि सिर्फ वोट देने से लोकतंत्र मजबूत नहीं होता, बल्कि लोक कल्याण के कानून बनाना और जनभागीदारी बढ़ाना आवश्यक है।
खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जनता को खुद आगे आकर समस्याओं की पहचान करनी होगी। डा. नरेंद्र मल्होत्रा ने विकास कार्यों के साथ अध्यात्म को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की जरूरत बताई।
मनीषा चटर्जी ने महिलाओं के मुद्दों पर चर्चा की, जबकि डा. चंद्रशेखर प्राण ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंचायत राज और सामुदायिक भागीदारी पर जोर दिया। केवला दुबे ने क्षेत्रीय ग्राम स्वराज रिपोर्ट प्रस्तुत की और देवनाथ भाई व प्रदीप पांडेय ने युवाओं की भागीदारी और पंचायत सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे।
शुभा प्रेम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आश्रम के कार्यक्रमों की जानकारी दी। विमल भाई ने मुख्य अतिथियों का परिचय कराया।
कार्यक्रम में डा. विभा, डा. ब्रह्मजीत सिंह, रामेश्वर प्रसाद, मंजू देवी, रमेश यादव, राजेश मुरारी सहित चोपन, कोन, दुद्धी, म्योरपुर व बभनी ब्लॉकों के ग्रामीण अगुआ और देश के विभिन्न राज्यों से आए सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



