Sonbhadra news: कायस्थ महासभा ने चित्रगुप्त मंदिर परिसर में आयोजित किया धन्यवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम
Sonbhadra news: भारतीय जनता पार्टी द्वारा नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से चित्रगुप्त मंदिर परिसर में भव्य धन्यवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कायस्थ समाज के लिए गौरव का क्षण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने कहा कि नितिन नवीन को भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाना कायस्थ समाज के लिए गर्व, हर्ष और ऐतिहासिक महत्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि कायस्थ समाज की प्रतिभा, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
संघर्ष, संगठन और सिद्धांत का प्रतीक हैं नितिन नवीन
वक्ताओं ने कहा कि नितिन नवीन संघर्ष, संगठन, संस्कार और सिद्धांत—इन चारों का जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने राजनीति को कभी पद का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना। सत्ता को साधन नहीं, बल्कि समर्पण का अवसर समझा। यह नियुक्ति इस बात का प्रमाण है कि भारतीय जनता पार्टी योग्यता को महत्व देती है, न कि जाति या सिफारिश को।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने कहा कि नितिन नवीन का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिखाया है कि यदि नियत साफ हो और विचार राष्ट्रहित में हों, तो संगठन स्वयं रास्ता बनाता है और नेतृत्व स्वतः आगे आता है। आज कायस्थ समाज का हर व्यक्ति गर्व से कह सकता है कि वह राष्ट्र को नेतृत्व देने की क्षमता रखता है।
शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समस्त केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक कर्मठ, ईमानदार और जमीनी नेता पर विश्वास जताया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, अनुशासन और संगठनात्मक शक्ति के साथ कार्य करेंगे।
Sonbhadra news: also read- Sonbhadra news: घोरावल विधानसभा के इमलीपुर में शुरू हुई खेलकूद प्रतियोगिता
गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा, “नितिन नवीन जी आगे बढ़िए, देश आपके साथ है, कायस्थ समाज भाजपा के साथ है और भाजपा राष्ट्र के साथ है।” इस अवसर पर सुनील श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, प्रकाश श्रीवास्तव, शिवनारायण लाल श्रीवास्तव, जितेंद्र श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, प्रभाकर श्रीवास्तव, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक मिश्रा, सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, नगर महामंत्री अनुपम तिवारी, रितु अग्रहरि, आशीष केशरी, संजय गुप्ता सहित भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



