भारत पर्व में बोले राज्यपाल मंगुभाई पटेल “स्टेच्यू ऑफ यूनिटी भारत की एकता का तीर्थ”
“एक भारत-श्रेष्ठ भारत” से ही सशक्त होगा राष्ट्र : देवड़ा
Statue of Unity:मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रोपित बीज अब वटवृक्ष बन चुका है और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी भारत की एकता का तीर्थ बन गया है।
वे मंगलवार को गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व के 11वें दिन के शुभारंभ समारोह और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल और पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी भी उपस्थित थे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि भारत पर्व केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि एकता, अखंडता और आत्मगौरव का उत्सव है, जिसमें देश के सभी राज्यों की लोकसंस्कृति, भोजन और परिधान का संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि 1 से 15 नवम्बर तक चलने वाले इस आयोजन में सभी राज्यों के राज्यपाल भी शामिल हो रहे हैं, जो “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त करता है।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के लोकनृत्य ‘बधाई हो’ से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत हुई। इसके बाद मध्य प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड और गुजरात के लोक कलाकारों ने नौ प्रस्तुतियाँ दीं। मुख्य आकर्षण रहा मध्य प्रदेश के इतिहास, कला और विरासत पर आधारित मल्टीमीडिया प्रदर्शन।
राज्यपाल पटेल ने विभिन्न राज्यों के प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और मध्य प्रदेश के फूड व हस्तशिल्प स्टॉलों पर जाकर चंबल के पारंपरिक व्यंजन ‘थोपा’ और ‘सन्नाटा’ का स्वाद लिया।
इससे पूर्व राज्यपाल ने आरोग्य वन, सरदार पटेल जियोलॉजिकल पार्क, सरदार सरोवर डैम और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी परिसर का भी भ्रमण किया।
“एक भारत-श्रेष्ठ भारत” से ही सशक्त होगा राष्ट्र : देवड़ा
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना से ही राष्ट्र सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात सरकार द्वारा भारत सरकार के सहयोग से किया गया है।
देवड़ा ने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के समय 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोना उनके अदम्य साहस और दूरदर्शिता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश विविधता में एकता का प्रतीक है—जहाँ की संस्कृति, बोली और पहनावा भले अलग हों, लेकिन भावना और आत्मा एक है। प्रदेश ने अधोसंरचना, उद्योग, निवेश और कृषि में उल्लेखनीय प्रगति की है।
देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश अमृत काल में समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक मध्य प्रदेश एक आत्मनिर्भर और अग्रणी राज्य के रूप में देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Statue of Unity:Read Also-Sports News-बिली जीन किंग कप से पहले टीम इंडिया से मिले प्रचुरा पी.पी., खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं



