T20 World Cup 2026: आज से टूर्नामेंट का आगाज, सितारों से सजेगा मंच, नोरा फतेही-बादशाह की परफॉर्मेंस, लाइव कहां देखें?
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शानदार आगाज आज होने जा रहा है और इसके साथ ही मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह भी आयोजित किया जाएगा। क्रिकेट और म्यूजिक का यह खास संगम फैंस के लिए बड़ा आकर्षण बनने वाला है। ओपनिंग सेरेमनी में डांसर नोरा फतेही, रैपर बादशाह, सितार वादक ऋषभ शर्मा और मशहूर तालवादक शिवमणि अपनी परफॉर्मेंस से माहौल को खास बनाएंगे। आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर इन कलाकारों की पुष्टि की है।
उद्घाटन समारोह India vs USA मैच से एक घंटे पहले यानी शाम 6 बजे शुरू होगा, जबकि मुकाबला रात 7 बजे खेला जाएगा। खास बात यह है कि जिन दर्शकों के पास मैच के टिकट हैं, वही टिकट्स ओपनिंग सेरेमनी के लिए भी मान्य होंगे। क्रिकेट फैंस के लिए यह डबल एंटरटेनमेंट का मौका होगा।
आज टूर्नामेंट के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो में होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे कोलकाता में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं, शाम को मुंबई में भारत और यूएसए के बीच मुकाबला होगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
उद्घाटन समारोह में आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का स्वागत करेंगे। उनके साथ सभी भाग लेने वाले देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 20 युवा एम्बेसडर भी मौजूद रहेंगे, जो आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट की शुरुआत का ऐलान करेंगे।
फैंस इस भव्य समारोह और मैचों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि Jio Hotstar ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। इस बार टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। पहले दिन ही भारत, पाकिस्तान समेत कई बड़ी टीमें मैदान में उतरेंगी, जिससे टूर्नामेंट की शुरुआत बेहद रोमांचक होने वाली है।
Written By: Kalpana Pandey



