Tech News-ऑनलाइन ठगी के खिलाफ मेटा की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट हटाए
Tech News-सोशल मीडिया पर बढ़ते ऑनलाइन स्कैम को रोकने के लिए फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की मूल कंपनी मेटा ने बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने पिछले एक साल में करीब 1 करोड़ 9 लाख से ज्यादा फर्जी अकाउंट अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिए हैं। ये अकाउंट लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए बनाए गए थे।
ऐसे करते थे लोगों को ठगी का शिकार
जांच में पता चला कि ये अकाउंट संगठित स्कैम नेटवर्क का हिस्सा थे। ठग पहले मशहूर हस्तियों, बड़े ब्रांड या कंपनियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते थे। इसके बाद वे लोगों को मैसेज भेजकर बिजनेस, नौकरी या निवेश में ज्यादा मुनाफे का लालच देते थे।
शुरुआत में ये स्कैमर्स सामान्य बातचीत करके लोगों का भरोसा जीत लेते थे। बाद में वे पैसे मांगते थे या फिर ऐसी फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजते थे, जिससे यूजर्स की निजी जानकारी और पैसा चुराया जा सके।
एआई तकनीक से पकड़ में आ रहे स्कैम
मेटा अब स्कैम रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ा रहा है। यह सिस्टम किसी भी मैसेज, फोटो, पोस्ट और लिंक को एक साथ जांच सकता है। इससे जल्दी पता चल जाता है कि कोई अकाउंट संदिग्ध है या नहीं।
कंपनी के मुताबिक इसी तकनीक की मदद से पिछले साल 15.9 करोड़ से ज्यादा फर्जी विज्ञापन भी हटाए गए। इनमें से ज्यादातर विज्ञापन यूजर्स की शिकायत से पहले ही हटा दिए गए थे।
यूजर्स को मिलेंगे नए सेफ्टी अलर्ट
मेटा अपने प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए सेफ्टी फीचर और वॉर्निंग अलर्ट भी जोड़ रहा है।
- फेसबुक पर अगर किसी नए और संदिग्ध प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट आती है तो यूजर को अलर्ट मिलेगा।
- व्हाट्सएप पर नए डिवाइस को लिंक करते समय अगर कुछ असामान्य दिखे तो तुरंत चेतावनी दी जाएगी।
- मैसेंजर पर अगर कोई अजनबी अचानक पैसे मांगे या फर्जी नौकरी का ऑफर दे तो यूजर को सावधान किया जाएगा।
यूजर्स के लिए जरूरी सलाह
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए लोगों को भी सतर्क रहना चाहिए।
- किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
- ज्यादा मुनाफे या इनाम के लालच से बचें
- बिना जांच किए किसी को ऑनलाइन पैसे न भेजें



