UPSC CSE 2025 Result: राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर, जारी हुई मेरिट लिस्ट
UPSC CSE 2025 Result: UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है। संघ लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार, 6 मार्च को मेरिट लिस्ट घोषित की, जिसमें कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं के लिए चयनित किया गया है। इस बार परीक्षा में राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है।
UPSC की यह परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में गिनी जाती है। इसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) समेत कई केंद्रीय सेवाओं में अधिकारियों का चयन किया जाता है। आयोग के अनुसार, अगस्त 2025 में आयोजित लिखित परीक्षा और दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच हुए पर्सनैलिटी टेस्ट के आधार पर अंतिम परिणाम घोषित किया गया है।
इस साल की मेरिट लिस्ट में दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर आकांश ढुल रहे। वहीं चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला, पांचवें स्थान पर इशान भटनागर, छठे स्थान पर ज़िनिया अरोड़ा, सातवें स्थान पर एआर राजा मोहिद्दीन, आठवें स्थान पर पक्षाल सेक्रेटरी, नौवें स्थान पर आस्था जैन और दसवें स्थान पर उज्ज्वल प्रियांक ने जगह बनाई है।
Also Read: Israel Iran War: क्या इजरायल ने हेलीकॉप्टर की पेंटिंग पर कर दी बमबारी? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
टॉप रैंक हासिल करने वाले अनुज अग्निहोत्री राजस्थान के कोटा जिले के पास स्थित रावतभाटा शहर के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई यहीं से पूरी की और बाद में उच्च शिक्षा के लिए जोधपुर का रुख किया। अनुज ने एमबीबीएस की पढ़ाई ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) जोधपुर से की। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के बजाय उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला लिया और सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी।
अनुज अग्निहोत्री ने यह सफलता अपने पांचवें प्रयास में हासिल की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस सफलता पर विश्वास नहीं हो रहा है और छह साल की कड़ी मेहनत का फल आखिरकार मिल गया। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया।
गौरतलब है कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा हर साल लाखों युवाओं के लिए एक बड़ा लक्ष्य होती है। कड़ी प्रतिस्पर्धा और लंबे चयन प्रक्रिया के बाद ही कुछ ही उम्मीदवार अंतिम सूची में जगह बना पाते हैं। इस साल चयनित 958 उम्मीदवार अब देश की विभिन्न प्रशासनिक और केंद्रीय सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
Written By: Kalpana Pandey



