World Rally-Raid Champions: ऐश्वर्या पिस्से ने रचा इतिहास, विश्व रैली-रेड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय और एशियाई महिला बनीं

World Rally-Raid Champions: भारत की स्टार मोटरस्पोर्ट रेसर ऐश्वर्या पिस्से ने एक बार फिर देश का नाम रोशन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने विश्व की सबसे कठिन मानी जाने वाली रैली डू मोरोक को सफलतापूर्वक पूरा कर महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया और 2025 एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैंपियनशिप (W2RC) में कुल मिलाकर रजत पदक जीता।

यह उपलब्धि उन्हें विश्व रैली-रेड चैंपियनशिप में पोडियम फिनिश करने वाली पहली भारतीय और एशियाई महिला बनाती है। यह उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा वर्ल्ड टाइटल है, जो उन्हें भारत की सबसे सफल महिला रेसर के रूप में स्थापित करता है।

रैली डू मोरोक: साहस और सहनशक्ति की परीक्षा

‘रैली डू मोरोक’ को डकार रैली से पहले की सबसे कठिन और निर्णायक क्रॉस-कंट्री रैली माना जाता है। इस वर्ष की रैली में कुल 2,299 किमी की रेसिंग दूरी थी, जिसमें 1,478 किमी की स्पेशल स्टेज शामिल थीं। रेसर्स को रेत के टीलों, पत्थरीले रास्तों और जटिल नेविगेशन जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

ऐश्वर्या का बयान और भविष्य की तैयारी

अपनी जीत पर ऐश्वर्या ने कहा, “मोरक्को ने हर चीज़ की परीक्षा ली—स्किल, सहनशक्ति और जज़्बे की। इस रैली को पूरा करना और वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर जीतना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। यह सालों की मेहनत, त्याग और विश्वास का नतीजा है।”

उनके नाम अब तक 4 वर्ल्ड टाइटल और 11 नेशनल चैंपियनशिप दर्ज हैं। यह सफलता उन्हें 2026 की डकार रैली की तैयारियों में एक मजबूत दावेदार बनाती है। टीवीएस रेसिंग और अन्य साझेदारों के समर्थन से एक प्राइवेटियर के रूप में भाग लेते हुए ऐश्वर्या ने पूरे सीजन में शानदार निरंतरता और पेशेवर प्रदर्शन दिखाया, जो भारत में उभरती मोटरस्पोर्ट प्रतिभा की ताकत को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button