प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध को चढ़ाया चीवर

कसया। कुशीनगर महापरिनिर्वाण मंदिर में शुक्रवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुख्य मंदिर पहुंचकर सर्वप्रथम दीपक जलाए। उसके बाद भगवान बुद्ध की लेटी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर वहां मौजूद बौद्ध भिक्षुओं की देख-रेख में वि‌धि-विधान से विशेष पूजन-अर्चन किया। उपमुख्यमंत्री पाठक ने उसके बाद भगवान बुद्ध की लेटी प्रतिमा पर चीवर दान किए। इस अवसर पर सांसद विजय कुमार दुबे व विधायक पीएन पाठक ने उपमुख्यमंत्री को भगवान बुद्ध की प्रतिमा और अंग वस्त्र भेंट किए।
इसके बाद उनका काफिला जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुआ। जहां रास्ते में कसया-पडरौना मार्ग स्थित बैरिया चौराहे पर एक करोड़ 47 लाख रुपये से कसाडा के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया। उसके सभागार का निरीक्षण कर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। यह भवन करीब 690 वर्ग मीटर में बना हुआ है। कसाडा ही इस भवन निर्माण की कार्यदायी संस्था रही है। इस भवन की खास बात यह है कि वर्ष 2016 में प्रदेश में सत्ता में रही सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने आधारशिला रखी थी। जिसका लोकार्पण करीब छह वर्ष बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने आज किया है। यह सरकार के विकास कार्यों की रफ्तार की एक सिर्फ बानगी है।
इस मौके पर विधायक विवेकानंद पांडेय, विधायक मोहन वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, डीएम एस. राजलिंगम, एसपी धवल जायसवाल, एडीएम देवीदयाल वर्मा, सीएमओ डा. सुरेश पटारिया, संरक्षण सहायक शादाब खान,अनिल प्रताप राव, सुमित त्रिपाठी, शुभम दीक्षित, सचिन पाठक, अंबिकेश त्रिपाठी,दीपक पांडेय, संतोष दत्त राय, पुण्य प्रकाश तिवारी समेत गण्यमान्य लोग मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button