adevertisment Adevertiisment banner

पीएम को संसद बुलाने की विपक्षी मांग पर बोले सभापति- आसन कोई निर्देश जारी नहीं करेगा

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में हंगामा जारी है। आज लोकसभा में दिल्ली सेवा विधेयक पर चर्चा होनी है लेकिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा में हंगामा हो गया तो सभापति ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी। वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि ‘आज विपक्षी गठबंधन के सांसद मणिपुर मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। चौधरी ने कहा कि हम राष्ट्रपति को मणिपुर के हालात के बारे में सूचित करेंगे और राज्य के दौरे के अपने अनुभव उनके साथ साझा करेंगे।’ शिवेसना (उद्धव) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने विपक्षी सांसदों की राष्ट्रपति मुर्मू के साथ मुलाकात पर कहा कि ‘हम मणिपुर के हालात को राष्ट्रपति के नोटिस में लाना चाहते हैं और राज्य के दौरे के दौरान हुए अनुभव उनसे साझा करना चाहते हैं। हम उन्हें विस्तार से जानकारी देंगे और उम्मीद करते हैं कि वह इस मामले में कोई कदम उठाएंगी।’ मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष सदन में प्रधानमंत्री को बुलाने और बयान देने की मांग कर रहा है। बुधवार को भी जब विपक्ष ने यह मांग की तो सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि ‘सभापति की तरफ से ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया जाएगा…मैं निर्देश नहीं दे सकता और ना ही दूंगा…।’ सभापति ने नियम 267 के तहत दाखिल किए गए 60 नोटिसों पर चर्चा कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट किया। आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में पेश हुए दिल्ली सेवा विधेयक को लेकर कहा कि ‘उन्होंने (बीजद, वाईएसआरसीपी) किसी वजह से ही दिल्ली सेवा विधेयक को समर्थन दिया होगा लेकिन जो इस विधेयक का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें देश विरोधी के तौर पर याद रखा जाएगा। हम देश के संविधान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।’ वहीं लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई है। दरअसल विपक्षी सांसदों ने मणिपुर मुद्दे और दिल्ली सेवा विधेयक को लेकर हंगामा कर दिया, जिसके बाद कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

Related Articles

Back to top button