adevertisment Adevertiisment banner

ईडी ने कथित शराब घोटाला मामले में केजरीवाल के पीए को भेजा समन

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक (पीए) को समन भेजा है। ईडी मुख्यमंत्री के पीए से आबकारी घोटाले को लेकर पूछताछ करेगी। इस मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन से पहले ही पूछताछ हो चुकी है।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ईडी ने कथित दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक को समन भेजा है। ईडी ने कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित धनशोधन मामले में पांच लोगों के अलावा सात कंपनियों के खिलाफ पूरक आरोप-पत्र जनवरी में दाखिल किया था।

प्रवर्तन निदेशालय की ओर से दायर दूसरे आरोप-पत्र में भी उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम शामिल नहीं है। लेकिन इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में सिसोदिया का नाम है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली शराब घोटाले मामले में ईडी ने बीते छह जनवरी में एक पूरक चार्जशीट दायर की है। इस मामले में ईडी ने कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने चार्जशीट में विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, शरद चंद्र रेड्डी और बिनॉय बाबू को आरोपी बनाया है।

ईडी ने अपनी पहली चार्जशीट में शराब कारोबारी समीर महेंद्रू को दिल्ली शराब आबकारी नीति मामले में एक आरोपी के रूप में नामित किया था। ईडी ने इस मामले में अबतक समीर महेंद्रू, विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, शरद चंद्र रेड्डी, बिनॉय बाबू और अमित अरोड़ा को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Back to top button