गृहमंत्री शाह बोले- साइबर सुरक्षा बन सकती है चुनौती, इसके बिना भारत का विकास अधूरा

नई दिल्ली।  साइबर व राष्ट्रीय सुरक्षा पर दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने साइबर सुरक्षा पर जोर दिया। शाह ने कहा, आज भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। तकनीकी का इस्तेमाल निचले स्तर पर किया जा रहा है। लेकिन आज के युग में भारत का विकास बिना साइबर सुरक्षा के नहीं किया जा सकता। भारत के निर्माण के लिए साबइर सुरक्षा बहुत जरूरी है। 

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी की पहल से भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। तकनीकी के इस्तेमाल को हर स्तर पर ले जाया गया है, लेकिन अगर साइबर सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो यही ताकत हमारे लिए बहुत बड़ी चुनौती बन सकती है।

अमित शाह ने कहा, यदि कोई साइबर सुरक्षित भारत की कल्पना करता है, तो इसका आधार जन जागरूकता है। टेक्नोक्रेट जितना चाहें सुरक्षा सुविधाओं पर शोध कर सकते हैं, लेकिन अगर लोग जागरूक नहीं होंगे तो इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री का विजन है कि हर भारतीय टेक्नोलॉजी और इंटरनेट के जरिए खुद को सशक्त बनाए। ऐसे में डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के कारण हमारे जीवन में सशक्तिकरण और सकारात्मक बदलाव आए हैं। 

Related Articles

Back to top button