adevertisment Adevertiisment banner

घरेलू रसोई गैस 50 रुपये हुआ महंगा, कॉमर्शियल सिलेंडर के भी बढ़े दाम

नई दिल्ली। होली के त्योहार के पहले आम आदमी को महंगाई का दोहरा झटका लगा है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस के दाम में 50 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 350.50 रुपये की बढ़ोत्तरी की है। घरेलू रसोई गैस कीमत में करीब 8 महीने बाद इजाफा किया गया है। इससे पहले 6 जुलाई, 2022 को एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं।

इंडियन ऑयल के वेबसाइट के मुताबिक राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस कीमत बढ़कर अब 1103 रुपये प्रति सिलेंडर हो गयी है, जो पहले 1053 रुपये में मिल रहा था। मुंबई में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 1052.50 रुपये की बजाय अब 1102.5 रुपये में मिलेगा। वहीं, कोलकाता में भी एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1079 रुपये से बढ़कर 1129 पहुंच गयी है, जबकि चेन्नई में घरेलू रसोई गैस 1068.50 रुपये की जगह 1118.5 रुपये में बिक रहा है।

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 350.50 रुपये का इजाफा किया है। इस बढ़ोत्तरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 19.2 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर अब 2,119.50 रुपये में मिलेगा। मुंबई में इसकी कीमत बढ़़कर 2019.50 रुपये, कोलकाता में 2221.50 रुपये और चेन्नई में 2268 रुपये प्रति सिलेंडर हो गयी है। इस साल कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में दूसरी बढ़ोत्तरी है। इससे पहले एक जनवरी को इसकी कीमतों में 25 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा किया गया था।

Related Articles

Back to top button