69000 Teacher Recruitment-69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने किया विधानसभा घेराव का प्रयास, KKC चौराहे पर पुलिस ने रोका

69,000 Teacher Recruitment: Candidates attempted to lay siege to the Legislative Assembly.

69000 Teacher Recruitment-नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे 69000 शिक्षक भर्ती के ओबीसी और एससी वर्ग के अभ्यर्थियों ने मंगलवार को विधानसभा की ओर कूच किया। चारबाग रेलवे स्टेशन से निकले अभ्यर्थियों को पुलिस ने KKC चौराहे के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को बसों से ECO गार्डन भेज दिया गया।

अभ्यर्थी आरक्षण में कथित विसंगतियों को दूर कर जारी की गई 6800 अभ्यर्थियों की सूची के आधार पर नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बेसिक शिक्षा विभाग ने करीब चार साल पहले ओबीसी और एससी वर्ग के अभ्यर्थियों की सूची जारी की थी, लेकिन अब तक इसमें शामिल किसी भी अभ्यर्थी को नियुक्ति नहीं मिल सकी है।

चारबाग से निकला अभ्यर्थियों का जत्था

मंगलवार को बड़ी संख्या में 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी चारबाग रेलवे स्टेशन पर जुटे। इसके बाद उन्होंने विधानसभा की ओर मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर नियुक्ति की मांग कर रहे थे और सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील कर रहे थे।

अभ्यर्थियों के विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। KKC चौराहे के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। बाद में पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों को बसों में बैठाकर ECO गार्डन भेज दिया।

6800 अभ्यर्थियों की नियुक्ति का इंतजार

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष पटेल ने कहा कि आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने ओबीसी और एससी वर्ग के 6800 अभ्यर्थियों की सूची जारी की थी। इसके बावजूद सूची में नाम होने के बाद भी किसी अभ्यर्थी को नियुक्ति नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी पिछले छह वर्षों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कई बार अधिकारियों और सरकार के सामने अपनी बात रखी गई, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

सुप्रीम कोर्ट में 8 सितंबर को सुनवाई

आशुतोष पटेल ने बताया कि 69000 शिक्षक भर्ती से जुड़ा मामला 8 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए लगा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि विभाग 6800 अभ्यर्थियों की सूची के पक्ष में प्रभावी ढंग से पैरवी नहीं कर रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि सुप्रीम कोर्ट में मामले की मजबूती से पैरवी की जाए और सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति दी जाए।

मुख्यमंत्री से मिलने की मांग

अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के लिए समय मांगा है। उनका कहना है कि वे मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखकर नियुक्ति को लेकर स्पष्ट निर्णय चाहते हैं।

प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। जब तक नियुक्ति नहीं मिलती, तब तक वे अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

Read Also-Pratapgarh News:प्रतापगढ़ में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, FIR रद्द करने की उठी मांग

Related Articles

Back to top button