adevertisment Adevertiisment banner

प्रतापगढ़ कांड: दिल्ली में डटे भाजपा सासंद संगमलाल, कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

लखनऊ। प्रतापगढ़ में सांसद की पिटाई को लेकर भाजपाइयों ने भले ही कांग्रेस के पूर्व सांसद व विधायक पर मुकदमे लाद दिए हों, लेकिन पार्टी अब इस मामले में बैकफुट पर दिख रही है। जबकि कांग्रेस फ्रंटफुट पर आकर इसे मुद्दा बना रही है। ऐसे में भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। उधर, कांग्रेसियों ने अपने नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने के लिए पूरे प्रदेश विरोध प्रदर्शन किया।

लखनऊ में कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व अन्य कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने के लिए कैसरबाग मकबरा रोड पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी धक्का मुक्की भी हुई। महानगर अध्यक्ष (दक्षिणी) दिलप्रीत सिंह डीपी, महानगर अध्यक्ष (उत्तरी) अजय श्रीवास्तव अज्जू एवं जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी से एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव ने ज्ञापन लिया और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस दौरान इन नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह प्रदेश सरकार की नाकामी उजागर कर रही है।

उससे भाजपा सरकार बौखलाई हुई है और इस बौखलाहट में वह मुकदमे दर्ज कर डराने की कोशिश कर रही है। इस मौके पर पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित तिवारी, सय्यद इमरान,आशुतोष मिश्र, यनुस सिद्धिकी, कैप्टन बंशीधर मिश्रा, गौरव चौधरी, मुकेश सिंह चौहान, राजेश पांडे, शाहनवाज मंगल, सोम विकल, राशिदा खातून आदि थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग मीडिया के संयोजक अशोक सिंह ने बताया कि दर्ज मुकदमों के विरोध में और घटना की न्यायिक जांच की मांग लेकर प्रदेश के हर जिले में इस तरह के विरोध प्रदर्शन कांग्रेस ने किए। साथ ही राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर तत्काल मुकदमा वापस लेने की मांग की है।

सांसद दिल्ली में दे रहे दस्तक

पांच मुकदमे दर्ज होने के बावजूद किसी की गिरफ्तारी न होने और स्थानीय भाजपा नेताओं का सहयोग न मिल पाने से अकेले पड़े सांसद संगमलाल गुप्ता देश की राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों के अनुसार वहां वे केंद्रीय मंत्रियाें से लेकर संगठन के शीर्ष नेताओं तक अपनी पीड़ा पहुंचा रहे हैं। इस बारे में फोन पर जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ दिल्ली में होने की पुष्टि की और कहा कि जिनसे मुलाकात करनी थी, उनसे मुलाकात हो गई है।

Related Articles

Back to top button