adevertisment Adevertiisment banner

‘होल्ड ऑन, आई एम कमिन’ गाने के साथ भारत पहुंचे ट्रंप के दूत सर्जियो गोर, बोले – मतभेद हो सकते हैं लेकिन दोस्ती सच्ची

अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने ‘होल्ड ऑन, आई एम कमिन’ गाने के साथ भारत में कार्यभार संभाला। बोले - ट्रंप-मोदी की दोस्ती सच्ची है, मतभेद सुलझेंगे।

नई दिल्ली। अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत और दक्षिण व मध्य एशिया के लिए विशेष दूत सर्जियो गोर ने भारत में अपने कार्यकाल की शुरुआत एक अनोखे अंदाज़ में की। सोमवार को नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में आयोजित समारोह के दौरान उन्होंने 1966 के मशहूर सोल क्लासिक गीत ‘होल्ड ऑन, आई एम कमिन’ की धुन पर पोडियम तक पहुंचकर सबका ध्यान खींच लिया।

सैम एंड डेव द्वारा गाए गए इस गीत की जोशीली धुन पर जैसे ही गोर मंच की ओर बढ़े, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। यह समारोह भारत में उनके औपचारिक कार्यभार संभालने का प्रतीक था।

भारत-अमेरिका रिश्तों पर जोर

पदभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले संबोधन में सर्जियो गोर ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच संबंधों को “सच्ची दोस्ती” करार दिया। समाचार एजेंसी के अनुसार गोर ने कहा, “मैंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ दुनिया भर की यात्रा की है और यह कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी दोस्ती वास्तविक है। सच्चे दोस्त असहमत हो सकते हैं, लेकिन अंत में अपने मतभेद सुलझा लेते हैं।”

उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका केवल साझा हितों से ही नहीं, बल्कि शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर मजबूत व्यक्तिगत संबंधों से भी जुड़े हैं।

तनाव के बीच कूटनीतिक संदेश

गोर का कार्यभार ऐसे समय में शुरू हुआ है जब भारत-अमेरिका संबंध कुछ मुद्दों को लेकर तनावपूर्ण रहे हैं। इनमें राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत-पाकिस्तान संघर्षविराम को लेकर किए गए दावे, यूक्रेन युद्ध के बीच भारत द्वारा रूसी तेल आयात पर 50% टैरिफ लगाने का फैसला प्रमुख हैं। ऐसे माहौल में गोर की यह नियुक्ति द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने के तौर पर देखी जा रही है।

ट्रंप की संभावित भारत यात्रा का संकेत

सर्जियो गोर ने संकेत दिया कि राष्ट्रपति ट्रंप आने वाले एक-दो वर्षों में भारत यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में कहा कि ट्रंप को देर रात फोन करने की आदत है और वॉशिंगटन-नई दिल्ली के समय अंतर को देखते हुए यह “दिलचस्प अनुभव” हो सकता है।

कौन हैं सर्जियो गोर

सर्जियो गोर राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी और भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते हैं। इससे पहले वे Winning Team Publishing के CEO रह चुके हैं और ट्रंप जूनियर के साथ काम कर चुके हैं। रिपब्लिकन पार्टी के फंडरेजिंग नेटवर्क में उनकी अहम भूमिका रही है। साथ ही, वे सीनेटर रैंड पॉल के सीनियर सहयोगी और कम्युनिकेशन डायरेक्टर भी रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें – लक्ष्य पर एकाग्रता और कर्म में निरंतरता ही सफलता की कुंजी, राष्ट्रीय युवा दिवस पर बोले मुख्यमंत्री योगी

राजनीति के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर में उनके अनुभव को भारत-अमेरिका व्यापार और निवेश संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button