adevertisment Adevertiisment banner

TATA-MOTORS-NEW-TRUCKS:टाटा मोटर्स ने 7 से 55 टन क्षमता वाले अगली पीढ़ी के ट्रक किए लॉन्च

TATA-MOTORS-NEW-TRUCKS:टाटा मोटर्स ने मंगलवार को भारत में 7 टन से 55 टन क्षमता वाले 17 नए अलगी पीढ़ी के ट्रकों को लॉन्च किया है। इन ट्रकों को टाटा मोटर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक गिरीश वॉग और उपाध्यक्ष एवं ट्रक कारोबार के प्रमुख राजेश कौल ने यहां के भारत मंडपम में पेश किया। इसमें डीजल और इलेक्ट्रिक दोनों तरह के ट्रक शामिल हैं, जो प्राइमा, सिग्ना, अल्ट्रा और नई अजुरा प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं।

कंपनी ने ‘टाटा ट्रक्स डॉट ईवी’ ब्रांड के तहत देश की अब तक की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक ट्रक रेंज पेश की है, जिसमें अल्ट्रा ईवी सीरीज, प्राइमा ई.55एस इलेक्ट्रिक प्राइम मूवर और प्राइमा ई.28के इलेक्ट्रिक टिपर शामिल हैं। ये ट्रक शहरी माल ढुलाई, ई-कॉमर्स, निर्माण, पोर्ट संचालन और खनन जैसे क्षेत्रों के लिए तैयार किए गए हैं।

टाटा मोटर्स द्वारा प्रस्तुत किए गए ये नए ट्रक रसद, ई-कॉमर्स, एफएमसीजी, निर्माण, खनन, कृषि, बंदरगाह संचालन और क्षेत्रीय माल परिवहन जैसे क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करेंगे। कंपनी का दावा है कि हल्के, मध्यम और भारी तीनों श्रेणियों में ये ट्रक बेहतर भार क्षमता, कम ईंधन खर्च और अधिक लाभ देने में सहायक होंगे।

मध्यम और हल्के वाणिज्यिक वाहन श्रेणी में कंपनी ने पहली बार नई अजुरा श्रृंखला प्रस्तुत की है। यह श्रृंखला 7 टन से 19 टन तक की क्षमता में उपलब्ध होगी। इनमें नया 3.6-लीटर डीजल इंजन दिया गया है, जिसे बेहतर प्रदर्शन और ईंधन दक्षता के लिए विकसित किया गया है। अजुरा ट्रकों में वॉक-थ्रू केबिन, डी प्लस 2 बैठने की क्षमता, रिक्लाइनिंग सीट, अधिक भंडारण स्थान और चालक की सुविधा के लिए बेहतर आरामदायक रूपांकन दिया गया है। इन ट्रकों को मध्यम दूरी, अंतर-नगरीय और क्षेत्रीय परिवहन के लिए उपयुक्त बताया गया है।

सुरक्षा के मानकों पर टाटा मोटर्स ने अपने पूरे डीजल ट्रक पोर्टफोलियो को यूरोपीय ईसीई आर29 03 टक्कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया है। इसमें सामने, किनारे और पलटाव सुरक्षा शामिल की गई है। साथ ही कुछ मॉडलों में लेन छोड़ने की चेतावनी, टक्कर से बचाव और अन्य उन्नत चालक सहायता प्रणाली जैसे आधुनिक विशेषताएं भी दी गई हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।

कंपनी के अनुसार नए तकनीकी सुधारों के चलते कुछ ट्रकों में भार क्षमता को 1.8 टन तक बढ़ाया गया है। वहीं, 6.7-लीटर डीजल इंजन में सुधार कर ईंधन दक्षता में लगभग 7 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। इससे परिवहन कारोबारियों की परिचालन लागत घटेगी और लाभ बढ़ेगा।

ई-ट्रकों के साथ टाटा मोटर्स ऊर्जा भरने की सुविधा, वित्तपोषण, रखरखाव और संयोजित डिजिटल सेवाओं का पूरा पारिस्थितिकी तंत्र भी उपलब्ध कराएगी। इसके अंतर्गत ‘संपूर्ण सेवा 2.0’ कार्यक्रम से 24 घंटे सड़क किनारे सहायता, बेड़ा सहयोग, पुर्जों की उपलब्धता और डिजिटल निगरानी की सुविधा दी जाएगी।

टाटा मोटर्स ने फिलहाल इन नए ट्रकों की कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कंपनी का दावा है कि यह नई श्रृंखला देश में ट्रकिंग क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

TATA-MOTORS-NEW-TRUCKS:Read Also-Sports-Chess-Praggnanandhaa-नॉर्वे चेस 2026 में हिस्सा लेंगे प्रज्ञानानंद रमेशबाबू

Related Articles

Back to top button