‘गुजरात तट के पास ‘उबल’ रहा समुद्र’, क्या किसी बड़े खतरे का संकेत?
गुजरात तट के पास अरब सागर में समुद्र उबलता दिखा। मीथेन गैस रिसाव, भूकंपीय हलचल या पाइपलाइन लीकेज की आशंका, जांच में जुटी एजेंसियां।
नई दिल्ली। गुजरात तट के नजदीक अरब सागर में समुद्र का पानी अचानक उबलता हुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया है। मछुआरों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में समुद्र की सतह पर बड़े पैमाने पर बुलबुले उठते और पानी तेज़ी से हिलता-डुलता नजर आ रहा है। यह असामान्य घटना महाराष्ट्र के पालघर जिले के समुद्री क्षेत्र के पास देखी गई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।
पालघर जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने इस घटना को बेहद असामान्य बताया। उन्होंने कहा कि यह सामान्य लहरों की वजह से नहीं हो सकता और इसके पीछे समुद्र तल से गैस रिसाव या भूगर्भीय हलचल जैसे गंभीर कारण हो सकते हैं। यह इलाका व्यस्त समुद्री मार्ग और मछली पकड़ने के प्रमुख क्षेत्रों के करीब है, जिससे जहाजों और मछुआरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
क्या हो सकते हैं संभावित कारण?
विशेषज्ञों के अनुसार समुद्र के ‘उबलने’ के पीछे कई कारण हो सकते हैं।
मीथेन गैस रिसाव : समुद्र तल से मीथेन या अन्य गैसों का रिसाव बुलबुलों के रूप में सतह पर दिखाई दे सकता है।
भूकंपीय गतिविधि: अरब सागर का यह हिस्सा टेक्टॉनिक रूप से संवेदनशील माना जाता है, जहां हलचल से गैस हाइड्रेट अस्थिर हो सकते हैं।
पाइपलाइन लीकेज: मुंबई हाई क्षेत्र के पास मौजूद अंडरसी ऑयल-गैस पाइपलाइनों में रिसाव की भी आशंका जताई जा रही है।
जांच में जुटी एजेंसियां
सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए INCOIS, भारतीय तटरक्षक बल, NIO और ONGC की टीमों को जांच में लगाया है। सोनार और गैस सेंसर से समुद्र तल की जांच की जा रही है, जबकि पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण होंगे। एहतियातन मछुआरों को प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने और जहाजों को मार्ग बदलने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और समुद्री तापमान में वृद्धि के चलते भविष्य में ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।



