‘लोकसभा में अप्रत्याशित घटना की आशंका’, ओम बिरला बोले– मेरी बात मानकर पीएम ने टाला संबोधन

लोकसभा में हंगामे के बीच पीएम मोदी का भाषण टला। स्पीकर ओम बिरला ने कहा—अप्रत्याशित घटना की आशंका थी। प्रियंका गांधी ने बयान को बताया बकवास।

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में भारी हंगामे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रस्तावित जवाब टल गया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सदन में उस समय हालात ऐसे थे कि कोई अप्रत्याशित घटना हो सकती थी, इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री से सदन में न आने का आग्रह किया, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया।

लोकसभा की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित किए जाने के बाद स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के लिए यह फैसला जरूरी था। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से संसद को एक अत्यंत अप्रिय और अपमानजनक दृश्य से बचाया जा सका।

लोकसभा चेंबर में पहले कभी नहीं देखा गया ऐसा व्यवहार

ओम बिरला ने सदन में कहा कि कुछ सदस्यों द्वारा लोकसभा चेंबर और स्पीकर कार्यालय में किया गया व्यवहार संसदीय इतिहास में अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि आज तक राजनीतिक मतभेदों को कभी भी सभापति के कार्यालय तक नहीं लाया गया, लेकिन हालिया घटनाएं संसदीय मर्यादाओं के खिलाफ हैं।

स्पीकर ने कहा कि उन्हें यह जानकारी मिली थी कि जब प्रधानमंत्री सदन में भाषण देने आएंगे, तब कांग्रेस के कुछ सदस्य उनके पास पहुंचकर कोई अप्रत्याशित कदम उठा सकते हैं। यदि ऐसा होता, तो यह देश की लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए गंभीर आघात होता।

‘पीएम मोदी ने मेरे आग्रह को माना’

ओम बिरला ने स्पष्ट किया कि सदन के नेता होने के नाते प्रधानमंत्री की सुरक्षा और सदन की गरिमा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री से अभिभाषण टालने का आग्रह किया और उन्होंने मेरी बात मान ली। इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।”

प्रियंका गांधी का पलटवार, बोलीं– यह पूरी तरह बकवास

लोकसभा स्पीकर के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसे “पूरी तरह बकवास” करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा या अप्रत्याशित घटना का सवाल ही नहीं उठता।

प्रियंका गांधी ने कहा कि विपक्ष का विरोध लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और यह दावा करना कि कोई योजना थी, पूरी तरह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ऐसे बयान दिलवा रही है।

Related Articles

Back to top button