Anti Naxal Operation India : अंतिम सांसें गिन रहा नक्सलवाद, अमित शाह का दावा – 31 मार्च से पहले होगा पूरी तरह खत्म

Anti Naxal Operation India : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि देश से वामपंथी उग्रवाद अब अंतिम दौर में है।

Anti Naxal Operation India : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि देश से वामपंथी उग्रवाद अब अंतिम दौर में है और 31 मार्च से पहले नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा कर दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने यह बात कही।

अमित शाह वर्तमान में छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। इस दौरान नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित बैठक में केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख और नक्सल प्रभावित राज्यों के शीर्ष पुलिस अधिकारी शामिल हुए। यह बैठक केंद्र सरकार द्वारा तय समयसीमा से कुछ सप्ताह पहले आयोजित की गई, जिसे नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक चरण की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

सुरक्षा, विकास और आत्मसमर्पण नीति से बदले हालात

बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि सिक्योरिटी-सेंट्रिक रणनीति, बुनियादी ढांचे के विस्तार, नक्सलियों के वित्तीय नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई और प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के चलते वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई में ठोस सफलता मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि तय समयसीमा से पहले इस खतरे को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।

हिंसा के गढ़ से विकास का मॉडल बना छत्तीसगढ़

एक अन्य पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि जो छत्तीसगढ़ कभी नक्सली हिंसा का गढ़ माना जाता था, वह अब डबल इंजन सरकार के तहत विकास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा खेल, फॉरेंसिक साइंस और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं और साथ ही अपनी संस्कृति और परंपराओं को भी सहेज रहे हैं।

उच्चस्तरीय बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय गृह सचिव, आईबी निदेशक, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एनआईए के महानिदेशक शामिल हुए। इसके अलावा ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह बैठक नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक प्रगति का स्पष्ट संकेत है और राज्य में शांति तेजी से बहाल हो रही है।

नक्सल हिंसा से शांति की ओर

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2024 से अब तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों के दौरान 500 से अधिक नक्सली मारे गए, जिनमें सीपीआई (माओवादी) के शीर्ष नेता नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू भी शामिल हैं। इसी अवधि में करीब 1,900 नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई, जबकि 2,500 से ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। सरकार का दावा है कि संतुलित सुरक्षा और विकास मॉडल से छत्तीसगढ़ अब स्थायी शांति की ओर बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button