प्रतापगढ़: मनरेगा बचाओ चौपाल में जुटे सैकड़ों मजदूर, योजना कमजोर करने के आरोप पर जताया विरोध
Pratapgarh News-प्रतापगढ़ जिले के विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मणपुर ब्लॉक स्थित तिना चितरी ग्रामसभा में बुधवार को “मनरेगा बचाओ संग्राम” चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष आर.पी. वर्मा ने किया, जिसमें सैकड़ों जॉब कार्ड धारक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा योजना को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले इस योजना में केंद्र सरकार 90 प्रतिशत और राज्य 10 प्रतिशत खर्च वहन करता था, जबकि अब 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य को देना होगा। उनके अनुसार इससे राज्यों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और मजदूरों पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस फैसले का विरोध करेगी।
जिला उपाध्यक्ष आर.पी. वर्मा ने कहा कि पहले ग्रामसभा को स्थानीय जरूरत के अनुसार काम तय करने का अधिकार था, लेकिन अब काम तय करने का अधिकार केंद्र स्तर पर होने की बात कही जा रही है। उन्होंने इसे पंचायतों के अधिकारों पर असर डालने वाला कदम बताया और मनरेगा को अधिकार आधारित कानून की तरह पूरी मजबूती से लागू करने की मांग की।
जिला महासचिव संजय पाण्डेय ने भी कहा कि यदि योजना में बदलाव किया गया तो पार्टी सड़क से लेकर संसद तक विरोध करेगी।
कार्यक्रम में मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, रामशिरोमणि वर्मा, वेदान्त तिवारी, छोटे लाल सरोज, रविंद्र मिश्र, संस्कार मिश्र सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
जानकारी: वेदान्त तिवारी, कोषाध्यक्ष (जिला कांग्रेस कमेटी, प्रतापगढ़)
Read Also-प्रतापगढ़: कोहंडौर क्षेत्र में पुलिस की पैदल गश्त, अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा



