Varanasi News : ‘सॉरी, फॉरगिव अस’ नोट से बढ़ा रहस्य, तेरहवीं पर काशी आए भाई-बहन की मिली लाश
Varanasi News : वाराणसी के होटल में हैदराबाद के भाई-बहन ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या की। कमरे से ₹6.61 लाख नकद, दवाइयां और ‘सॉरी, फॉरगिव अस’ नोट मिला। बड़ी बहन की तेरहवीं और मोक्ष की मान्यता से जुड़ा एंगल जांच में।
Varanasi News : काशी में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहां हैदराबाद से आए सगे भाई-बहन ने होटल के बंद कमरे में विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मामला सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी इलाके का है। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल सिटी इन के कमरे नंबर 2005 में दोनों पिछले तीन दिनों से ठहरे हुए थे।
मंगलवार को चेकआउट का समय होने के बावजूद जब दोनों ने रिसेप्शन का फोन नहीं उठाया, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मास्टर चाबी से दरवाजा खोला, जहां कमरे के फर्श पर भाई-बहन के शव पड़े मिले। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे से दवाइयां, उनके रैपर, पहचान पत्र, लैपटॉप और ₹6 लाख 61 हजार नकद बरामद हुए। टेबल पर मिला एक छोटा नोट – ‘सॉरी, फॉरगिव अस’ जांच का अहम आधार बना है।
मृतकों की पहचान हैदराबाद (सिकंदराबाद) के रहने वाले गणेश गौड़ गुनलापल्ली (46) और उनकी बहन धनलक्ष्मी गुनलापल्ली (38) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि पिछले वर्ष दोनों के माता-पिता और हाल ही में बड़ी बहन का निधन हुआ था। बताया जा रहा है कि भाई-बहन बड़ी बहन की तेरहवीं के दिन यह कदम उठाने वाराणसी आए थे। बैग से अस्थि कलश और मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने से अस्थि विसर्जन और मोक्ष की मान्यता से जुड़ा एंगल भी सामने आया है।
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। नकद रकम और नोट के संदर्भ में भी हर पहलू से जांच जारी है।



