सुल्तानपुर कोर्ट में पेश हुए राहुल गांधी, अमित शाह मानहानि केस में बोले- राजनीतिक साजिश का शिकार

अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े 2018 के मानहानि मामले में राहुल गांधी सुल्तानपुर एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया। अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी।

सुल्तानपुर। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi शुक्रवार को गृह मंत्री Amit Shah से जुड़ी कथित टिप्पणी के मामले में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश हुए। वर्ष 2018 में दर्ज मानहानि केस की सुनवाई के दौरान राहुल गांधी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक दुर्भावना के तहत फंसाया गया है।

कोर्ट में करीब 20 मिनट रही मौजूदगी

सुनवाई के दौरान राहुल गांधी लगभग 20 मिनट तक अदालत में मौजूद रहे। वकीलों के मुताबिक, उन्होंने अदालत में प्रवेश करते ही न्यायाधीश को हाथ जोड़कर प्रणाम किया और कार्यवाही पूरी होने के बाद धन्यवाद भी दिया। जज द्वारा सफाई देने के सवाल पर राहुल ने ‘हां’ में जवाब दिया। मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च को तय की गई है।

2018 के बयान से जुड़ा है मामला

यह मामला 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए एक बयान से जुड़ा है। आरोप है कि राहुल गांधी ने चुनावी सभा में कहा था कि जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसका अध्यक्ष हत्या का आरोपी है। इस बयान को लेकर सुल्तानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। अदालत ने 19 जनवरी को राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था।

कोर्ट के बाद रामचेत मोची के परिवार से मुलाकात

अदालत से बाहर निकलने के बाद राहुल गांधी स्थानीय मोची रामचेत की दुकान पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने रामचेत की पोती श्रद्धा को गोद में लेकर उसके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और इलाज में मदद का भरोसा दिया। रामचेत का तीन माह पहले कैंसर से निधन हो गया था।

समर्थकों की भीड़, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

राहुल गांधी के सुल्तानपुर पहुंचने पर समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा कारणों से उन्हें कोर्ट परिसर से दूसरे गेट के जरिए बाहर निकाला गया। उनके आगमन से पहले कोर्ट परिसर के बाहर ‘सत्यमेव जयते’ लिखे पोस्टर भी लगाए गए थे।

Related Articles

Back to top button