गोधन समागम-2026 : 112 गोपालकों को मिलेगा गोकुल और नंद बाबा पुरस्कार, गोशालाएं भी होंगी सम्मानित

लखनऊ में गोधन समागम-2026 में 63 गोकुल व 49 नंद बाबा पुरस्कार दिए जाएंगे। स्वदेशी गौपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर होगा मंथन।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग की ओर से सोमवार को गोधन समागम-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत चयनित 63 गोकुल पुरस्कार और 49 नंद बाबा पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही निराश्रित गोवंश संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोशालाओं को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में होगा, जहां प्रदेश के दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पुरस्कार वितरित करेंगे।

स्वदेशी नस्ल और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर होगा मंथन

दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के.जी. के अनुसार समागम में गोपालन, नस्ल सुधार, पशु पोषण और पशु स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वदेशी नस्ल के संरक्षण और गोपालन के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

प्रथम सत्र की प्रमुख गतिविधियां:

  • गोधन प्रदर्शनी
  • गोकुल एवं नंद बाबा पुरस्कार वितरण
  • दुग्ध उत्पादन की आधुनिक तकनीकों पर प्रस्तुति
  • उत्कृष्ट गोआश्रय स्थलों और गोशालाओं का सम्मान
  • डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार राशि का वितरण

द्वितीय सत्र में चर्चा:

  • गोआधारित अर्थव्यवस्था पर संगोष्ठी
  • पशु आहार, हरा चारा और पोषण पर विमर्श
  • गोवंश आश्रय स्थलों को आत्मनिर्भर बनाने की रणनीति
  • स्वदेशी गौपालन और नस्ल सुधार पर प्रस्तुति

विशेषज्ञ, किसान और उद्यमी होंगे शामिल

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव पशुधन, दुग्ध एवं मत्स्य विकास मुकेश मेश्राम और पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव सहित विषय विशेषज्ञ, किसान, उद्यमी और पशुपालक भाग लेंगे।

गोधन समागम-2026 को प्रदेश में गोपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए अवसर सृजित होंगे।

Related Articles

Back to top button