Anandiben Patel का सोनभद्र दौरा: खतौनी निस्तारण व सोलर पैनल स्थापना पर जोर
Emphasis on Khatauni disposal and solar panel installation
Anandiben Patel- प्रदेश की माननीय राज्यपाल Anandiben Patel ने आज जनपद सोनभद्र के विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, किट एवं सामग्री का वितरण किया।
राज्यपाल महोदया ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 200 प्री-स्कूल किट, पोषण अभियान के अंतर्गत 200 पोषण पोटली, 500 आयुष्मान कार्ड, 50 वनाधिकार पट्टा, मुख्यमंत्री आवास योजना के 10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री सूर्य योजना के 10 लाभार्थियों, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के 10 लाभार्थियों तथा 2 लाभार्थियों को मोटराइज्ड दोना मशीन वितरित की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया गया तथा 10 अनाथ बच्चियों को 1100 रुपये का चेक प्रदान किया गया।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे अपने संबोधन में राज्यपाल जी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी किट में कुर्सी, साइकिल सहित 22–23 प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायता मिलती है।
वनाधिकार के अंतर्गत पट्टा एवं खतौनी वितरण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा खतौनी से संबंधित मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में किया जाए। ग्राम स्तर पर चौपाल लगाकर भूमि विवादों का समाधान किया जाना चाहिए, जिससे भूमाफिया व दबंगों द्वारा गरीबों की भूमि पर अवैध कब्जे की घटनाएं रोकी जा सकें। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को भूमि संबंधी मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता, टीबी मुक्त अभियान और महिला सशक्तिकरण पर बल
राज्यपाल जी ने विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए प्रत्येक 15 दिन में बच्चों के नाखून काटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने प्रधानमंत्री के वर्ष 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि टीबी रोगियों को नियमित पोषण पोटली मिलती रहनी चाहिए और उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए। आयुष्मान कार्ड योजना एवं स्वामित्व कार्ड योजना की सराहना करते हुए उन्होंने घर का स्वामित्व पति-पत्नी दोनों के नाम पर दर्ज किए जाने की बात कही।
प्रत्येक घर पर सोलर पैनल लगाने का आह्वान
मुख्यमंत्री सूर्य घर योजना की प्रशंसा करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि जनपद के प्रत्येक घर पर सोलर पैनल स्थापित किए जाएं। उन्होंने जीरो पावर्टी योजना एवं श्रम विभाग की योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का उपयोग शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर करने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन एवं एचपीवी टीकाकरण
राज्यपाल महोदया ने पंचायत रिसोर्स सेंटर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा कृषकों से मोटे अनाज की खेती के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान 2 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी वितरित की गई।
उन्होंने बेसिक शिक्षा, खादी, रेशम, उद्योग, महिला कल्याण, एनआरएलएम, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इसके उपरांत उन्होंने एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में सहभागिता की, जहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में 100 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (समाज कल्याण) संजीव कुमार गौड़, विधायक सदर भूपेश चौबे, विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
Read Also-Wedding Update-रश्मिका–विजय की शादी की तस्वीरें आईं सामने, जोड़े में दिखे खूबसूरत



