Pratapgarh News-ढकवा बाजार में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का स्वागत, गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने को लेकर लखनऊ में करेंगे विरोध
Pratapgarh News-जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र स्थित नगर पंचायत ढकवा में शनिवार को ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य का आगमन हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बनारस से लखनऊ जाते समय उनके ढकवा बाजार पहुंचने पर स्थानीय लोगों और समर्थकों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वह लखनऊ में विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं और सरकार से अपनी मांगों पर विचार करने की अपील कर रहे हैं।
हाल ही में लगे आरोपों के सवाल पर शंकराचार्य ने कहा कि यह उनके खिलाफ साजिश है और उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके आंदोलन को कमजोर करने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में सरकार को 40 दिन का समय दिया गया था, जिसमें से अधिकांश समय बीत चुका है और अब केवल कुछ दिन ही शेष हैं। इसी को लेकर वह लखनऊ में विरोध प्रदर्शन करेंगे।
गौ हत्या और मांस तस्करी के मुद्दे पर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और अवैध गतिविधियों को पूरी तरह बंद किया जाना चाहिए।
शंकराचार्य ने अपने अभियान को ‘धर्मयुद्ध’ बताते हुए देशभर के सनातनियों से गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए एकजुट होने की अपील भी की।
रिपोर्ट: उमेश पांडेय, जिला संवाददाता



