अफवाहों पर ध्यान ना दें, जनपद में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक:- जिला पूर्ति अधिकारी
कालाबाजारी एवं पेट्रोल/डीज़ल की जमाखोरी पर होगी कठोरतम विधिक करवाई:- जिला पूर्ति अधिकारी।
मऊ: Mau जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने साफ तौर पर कहा है कि जनपद में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें। प्रशासन के अनुसार सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति जारी है और वर्तमान स्टॉक सामान्य खपत से अधिक है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वाहनों के अलावा किसी भी व्यक्ति को गैलन या कंटेनर में पेट्रोल-डीजल न दिया जाए, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी को रोका जा सके। साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना हेलमेट वाले दोपहिया चालकों को पेट्रोल न देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Also Read: जी7 बैठक: डॉ. एस. जयशंकर ने ‘ग्लोबल साउथ’ की ऊर्जा चुनौतियों का मुद्दा उठाया
इसके अलावा सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता से संबंधित होर्डिंग लगाने को कहा गया है, जिससे लोगों में भरोसा बना रहे और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी या जमाखोरी करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का यह कदम मौजूदा हालात में व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में विश्वास कायम रखने के लिए अहम माना जा रहा है।
जिला संवाददाता- एक संदेश मऊ



