West Bengal Assembly Elections:प्रधानमंत्री की चुनावी सभा नौ अप्रैल को आसनसोल में होगी
West Bengal Assembly Elections: Prime Minister's election rally to be held in Asansol on April 9
West Bengal Assembly Elections:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र नौ अप्रैल को आसनसोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा होगी।
मंगलवार को पश्चिम बर्दवान भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने बताया कि आसनसोल की पवित्र भूमि पर नौ अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होने जा रहा है। इसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह जनसभा पोलो ग्राउंड आसनसोल में आयोजित की जाएगी, जो शहर का प्रमुख और ऐतिहासिक मैदान माना जाता है। इससे पहले भी यहां प्रधानमंत्री की कई सभाएं हो चुकी हैं, इसलिए एक बार फिर इसी स्थान का चयन किया गया है। इस सभा में आसनसोल के सातों विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ दुर्गापुर, पुरुलिया और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
अनुमान है कि एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुट सकती है। आयोजकों के अनुसार, सुबह 10:30 बजे से लोगों का आना शुरू हो जाएगा, जबकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा और उनका संबोधन लगभग 1:15 बजे तक होने की संभावना है।
देवतनु भट्टाचार्य ने दावा किया कि इस जनसभा का असर पूरे आसनसोल संसदीय क्षेत्र और आसपास के जिलों में देखने को मिलेगा। उनके अनुसार इससे ऐसा माहौल बनेगा जो भाजपा के पक्ष में जाएगा और पार्टी सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सभा में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मैदान के भीतर बैरिकेडिंग के साथ पानी की उपलब्धता, स्वयंसेवकों की तैनाती, स्वास्थ्य टीम और 10 से अधिक एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। प्राथमिक चिकित्सा के लिए भी अलग टीम मौजूद रहेगी। भीड़ को ध्यान में रखते हुए मैदान के अंदर और बाहर बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे, ताकि दूर खड़े लोग भी प्रधानमंत्री का संबोधन सुन सकें। सुरक्षा के लिहाज से स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स (एसपीजी) की टीम पहले ही आसनसोल पहुंच चुकी है और पूरे कार्यक्रम स्थल की जिम्मेदारी संभाल ली है। एसपीजी के वरिष्ठ अधिकारी स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि जो भी प्रधानमंत्री को सुनना चाहते हैं, वे समय से पहले पहुंचकर अपनी जगह सुनिश्चित कर लें, क्योंकि भीड़ बढ़ने के बाद स्टेडियम के अंदर प्रवेश सीमित किया जा सकता है। इस दौरान मौके पर आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी, आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट के उम्मीदवार अग्निमित्र पाल, एमपी विधानसभा सीट से उम्मीदवार डॉ अजय पोद्दार, जमुरिया विधानसभा सीटों उम्मीदवार डॉ बिजन मुखर्जी, रानीगंज विधानसभा सीट के उम्मीदवार पार्थ घोष, बाराबनी विधानसभा सीट के उम्मीदवार अरिजीत राय मौजूद थे। पांडेश्वर विधानसभा सीट के उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी स्क्रुटनी प्रक्रिया में जाने के कारण अनुपस्थित रहे।
Read Also-Yogi Adityanath का विजन साकार : AI तकनीक से गोरखपुर बना देश का मॉडल नगर निगम



