Crime News: जमीन विवाद में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या, 150 करोड़ की संपत्ति को लेकर था विवाद

गाजियाबाद के मोदीनगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। जमीन और संपत्ति के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कथित तौर पर जमीन और संपत्ति के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हरिओम नेहरा के रूप में हुई है। उन पर उनके बेटे निखिल नेहरा ने कथित तौर पर चार राउंड फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

घटना के बाद परिजन हरिओम नेहरा को तुरंत इलाज के लिए मोदीनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के भीतर जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, हरिओम नेहरा के पास करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जिसमें लगभग 75 बीघा कृषि भूमि और दिल्ली-मेरठ रोड पर स्थित व्यावसायिक संपत्तियां शामिल थीं। इसी संपत्ति को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है।

पुलिस: आरोपी नशे का आदी, तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि आरोपी निखिल कथित तौर पर नशे का आदी था और घर में अक्सर विवाद होता रहता था। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Crime News: सोनम रघुवंशी की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में जोरदार बहस, 14 जुलाई को होगी अगली सुनवाई; जानिए कोर्ट में क्या-क्या हुआ

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

एसीपी मोदीनगर के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अभी तक की जांच में संपत्ति विवाद प्रमुख वजह के रूप में सामने आया है, लेकिन हत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button