Hindalco Renusagar CSR: हिंडालको रेनुसागर ने आयोजित किया ‘स्नेह मिलन’, ग्रामीण विकास की नई रूपरेखा पर हुई चर्चा
यूनिट हेड आर.पी. सिंह बोले- सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए हिंडालको सदैव प्रतिबद्ध, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर रहेगा विशेष फोकस
Hindalco Renusagar CSR: हिंडालको रेनूपावर डिवीजन, रेनुसागर के ग्रामीण विकास विभाग की ओर से अतिथि गृह में ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर ग्रामीण विकास, सामाजिक सहभागिता और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं यूनिट हेड आर.पी. सिंह ने स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, कृषि, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि हिंडालको रेनुसागर अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी विभिन्न CSR कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी। साथ ही युवाओं को सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधुनिक कृषि और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मानव संसाधन प्रमुख आशीष पाण्डेय के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, भाईचारा और समन्वय की भावना से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी और ग्रामीणों के बीच मजबूत संवाद भविष्य में विकास की नई संभावनाओं को जन्म देगा।
सीएसआर प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अनपरा नगर पंचायत अध्यक्ष विश्राम प्रसाद बैसवार, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को शॉल, नारियल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
Pratapgarh News: रंग लाया विधायक मोना का प्रयास, मंगापुर में स्टेडियम निर्माण को मिली मंजूरी
कार्यक्रम में मेंटेनेंस हेड जगदीश पात्रा, संचालन विभाग के हेड मनीष जैन, ईआर हेड मृदुल भारद्वाज, सुरक्षा प्रभारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेश नारायणनन, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकुल बृंदा, अनिल शर्मा, देवेन्द्र त्रिपाठी, सदानन्द पाण्डेय सहित कंपनी के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान अनपरा नगर पंचायत अध्यक्ष विश्राम प्रसाद बैसवार सहित परासी, गरबंधा, बिछरी, बॉसी, कुलडोमरी, मकरा और रणहोर ग्रामों के प्रधानों एवं गणमान्य नागरिकों ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जनहितकारी और विकासोन्मुखी कार्यों की सराहना की। साथ ही भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएसआर विभाग के अधिकारी शिवम पाठक, राजनाथ यादव, सुनीता शर्मा और आराधना का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन सीएसआर प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने किया।



