Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah 18 Years: 18 साल का हुआ ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’, लोकप्रियता के नए रिकॉर्ड कायम
5 हजार एपिसोड की ओर बढ़ रहा देश का सबसे लंबा कॉमेडी और फिक्शन शो, दया की वापसी पर फिर बोले असित मोदी
Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah 18 Years: भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ने अपने प्रसारण के 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 28 जुलाई 2008 को सोनी सब पर शुरू हुआ यह शो आज भी दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ है। लगातार लोकप्रियता बनाए रखने के साथ यह देश का सबसे लंबा चलने वाला कॉमेडी और फिक्शन टीवी सीरियल बन चुका है।
शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने इस खास मौके पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि जब उन्होंने वर्ष 2001 में गुजराती लेखक तारक मेहता की रचनाओं पर आधारित इस शो की कल्पना की थी, तब किसी भी चैनल ने इसे स्वीकार नहीं किया था। उनका कहना था कि शो में न पारंपरिक हीरो-हीरोइन थे और न ही रोज़ाना चलने वाला पारिवारिक ड्रामा। बाद में सोनी सब ने इस कॉन्सेप्ट पर भरोसा जताया और यह शो भारतीय टेलीविजन के इतिहास का हिस्सा बन गया।
शुरुआती दिनों से ही जेठालाल, दया, टप्पू, सोनू, आत्माराम भिड़े, माधवी, पोपटलाल, चंपकलाल, डॉ. हाथी, कोमल, तारक मेहता, अंजलि और बबीता जैसे किरदार दर्शकों के दिलों में बस गए। समय के साथ ये सभी किरदार घर-घर में पहचाने जाने लगे और शो की लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई।
असित मोदी ने बताया कि शो अब अपने 19वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और जल्द ही 5,000 एपिसोड पूरे करने की ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल करेगा। इस अवसर पर फिल्म सिटी स्थित सेट पर पूरी टीम के साथ जश्न मनाया जाएगा, जिसकी झलक आगामी एपिसोड्स में भी देखने को मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में गोकुलधाम सोसाइटी के पुनर्निर्माण से जुड़ी नई और दिलचस्प कहानियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी।
निर्माता का कहना है कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वच्छता, सामाजिक एकता, देशभक्ति, ईमानदारी और सकारात्मक सोच जैसे मूल्यों को भी बढ़ावा देता है। यही वजह है कि वर्षों बाद भी यह शो टीआरपी में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए हुए है।
TMKOC Horror Twist: ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में हॉरर ट्विस्ट, जेठालाल-बबीता जी नदारद
हालांकि दर्शकों की सबसे बड़ी शिकायत अब भी दया बेन की गैरमौजूदगी को लेकर है। करीब नौ वर्षों से दया का किरदार शो में दिखाई नहीं दिया है। इसके अलावा पोपटलाल की शादी को लेकर भी कई बार कहानी आगे बढ़ी, लेकिन हर बार अंतिम समय में रिश्ता टूटता दिखाया गया।
दया की वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर असित मोदी ने कहा कि वह दर्शकों की भावनाओं को समझते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा। उनके अनुसार आने वाले समय में दया की वापसी भी होगी और पोपटलाल की शादी भी जरूर दिखाई जाएगी।



