Satish Kumar Pandey Equal Opportunity: हर भारतीय को मेहनत और योग्यता के आधार पर मिले समान अवसर! एडवोकेट सतीश कुमार पांडेय
समान अधिकार और योग्यता आधारित व्यवस्था की वकालत, बोले- हमारी मांग किसी वर्ग के खिलाफ नहीं
Satish Kumar Pandey Equal Opportunity: जनपद मऊ के ग्राम टडियांव निवासी समाजसेवी एवं अधिवक्ता सतीश कुमार पांडेय ने देश में समान अवसर और योग्यता आधारित व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा है कि प्रत्येक भारतीय को उसकी मेहनत, प्रतिभा और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी यह मांग किसी जाति, धर्म या समुदाय विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि संविधान की भावना के अनुरूप सभी नागरिकों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से है।
एडवोकेट सतीश कुमार पांडेय ने अपने बयान में कहा कि यदि दो छात्र समान मेहनत और समान योग्यता रखते हैं, तो उनके साथ भी समान व्यवहार होना चाहिए। उनके अनुसार, किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती इस बात पर निर्भर करती है कि प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता साबित करने के लिए निष्पक्ष और समान अवसर उपलब्ध हों।
Mau News-युवा अधिवक्ता सतीश कुमार पाण्डेय का सरकार पर हमला
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी व्यक्ति या वर्ग के अधिकारों को प्रभावित करना नहीं है, बल्कि ऐसी पारदर्शी और न्यायसंगत व्यवस्था का समर्थन करना है, जिसमें हर नागरिक को अपनी योग्यता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले। उनका मानना है कि समान अवसर और प्रतिभा का सम्मान ही सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र के समग्र विकास की मजबूत नींव है।
सतीश कुमार पांडेय ने कहा कि देश की प्रगति तभी संभव है जब समाज के सभी वर्गों को निष्पक्ष वातावरण और समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने युवाओं से मेहनत, शिक्षा और योग्यता को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत भारत का निर्माण समान अधिकार, पारदर्शिता और न्यायपूर्ण व्यवस्था से ही संभव है।



