Akhilesh Yadav PDA: जनेश्वर मिश्र जयंती पर गरजे अखिलेश यादव, बोले- PDA में ‘P’ मतलब पंडित भी

लखनऊ के प्रबुद्धजन सम्मेलन में अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा और 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा किया।

Akhilesh Yadav PDA: समाजवादी विचारक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती पर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और ब्राह्मण समाज को संबोधित किया।

जनेश्वर मिश्र पार्क में सुबह से ही बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जुटने लगे थे। जैसे ही अखिलेश यादव वहां पहुंचे, समर्थकों में उन्हें देखने और स्वागत करने की होड़ मच गई। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा घेरे के बीच अखिलेश यादव ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर जनेश्वर मिश्र को श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में समाजवादी विचारधारा और जनेश्वर मिश्र के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने अपना पूरा जीवन समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने में लगा दिया और उनके विचार आज भी पार्टी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़े कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन इससे समाजवादी विचारों और बदलाव की आवाज को नहीं रोका जा सकता।

अपने भाषण के दौरान अखिलेश यादव ने सबसे ज्यादा जोर PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दे पर दिया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पीडीए की राजनीति से घबरा गई है और अब इसकी अलग-अलग परिभाषाएं गढ़ने की कोशिश कर रही है। इसी दौरान उन्होंने पीडीए की नई व्याख्या करते हुए कहा कि “PDA में ‘P’ का मतलब पंडित भी है। PD यानी पंडित का शॉर्ट फॉर्म है। जितना पंडित समाज को परेशान किया जाएगा, वह उतना ही मजबूत होकर समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा होगा।”

अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों के एकजुट होने से उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बदलाव तय है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को बड़ा संदेश दिया था और अब 2027 में प्रदेश की जनता नया फैसला लेने के लिए तैयार है।

OP Rajbhar Akhilesh Yadav: ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से फिर पूछा सवाल, बोले- ‘कुर्मी समाज से इतनी नाराजगी क्यों?’

सम्मेलन के दौरान भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी तीखे आरोप लगाए गए। पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने दावा किया कि प्रदेश में ब्राह्मण समाज को निशाना बनाकर फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसी भी प्रकार के फर्जी एनकाउंटर नहीं होने दिए जाएंगे।

अभिषेक मिश्रा ने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार के दौरान हुए सभी कथित फर्जी एनकाउंटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी अधिकारी की भूमिका सामने आती है, चाहे वह किसी भी बड़े पद पर क्यों न हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

जनेश्वर मिश्र की जयंती के बहाने आयोजित इस कार्यक्रम को राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है। एक ओर समाजवादी पार्टी ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी दिखाकर अपनी संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर प्रबुद्धजन सम्मेलन के जरिए ब्राह्मण समाज को साधने की रणनीति भी साफ नजर आई। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा अलग-अलग सामाजिक वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश तेज कर रही है और यह कार्यक्रम उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button