UP News: उन्नाव में ‘बरगद बचाओ महाअभियान’ के तहत हुआ पौधारोपण, पर्यावरण प्रेमियों को मिला ‘वृक्ष मित्र सम्मान’

UP News: Tree plantation drive held in Unnao under the ‘Save Banyan Tree Mega Campaign’; environmentalists receive ‘Vriksh Mitra Samman’ (Tree Friend Award).

UP News: उन्नाव के भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम मनिकापुर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मां वनखंडी देवी एवं शिव मंदिर धाम परिसर में हुए इस आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन मंदिर समिति के अध्यक्ष शरदेंदु कुमार मिश्र ‘सोनी’ की ओर से किया गया। इस दौरान ‘बरगद बचाओ महाअभियान’ के तहत परिसर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया।

पर्यावरण प्रहरी सम्मान से सम्मानित हुए दो लोग

आयोजन के दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक, पुलिस कंट्रोल रूम उन्नाव प्रभारी और पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘ट्री मैन’ के नाम से चर्चित अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ोंवा के सहायक अध्यापक एवं समाजसेवी डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को मंदिर समिति की ओर से ‘पर्यावरण प्रहरी वृक्ष मित्र सम्मान’ प्रदान किया गया।

इस मौके पर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ ने अपनी चर्चित ‘वृक्ष जल कथा’ के जरिए लोगों को पेड़ों के महत्व, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ पौधों को बचाने का संकल्प लेने की अपील की।

बरगद के महत्व पर हुई चर्चा

डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने बरगद के औषधीय, पर्यावरणीय और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में बरगद को देववृक्ष का दर्जा प्राप्त है और यह पर्यावरण के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि अनूप मिश्र द्वारा शुरू किया गया ‘बरगद बचाओ महाअभियान’ अब लोगों की भागीदारी से लगातार आगे बढ़ रहा है। अभियान के जरिए बरगद के संरक्षण को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पौधारोपण करने के साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। आयोजन में समिति के पूर्व अध्यक्ष जयकरन सिंह, पूर्व सैनिक राजेश सिंह, भारत सिंह, शिवहर्ष सिंह, रज्जन शुक्ला, अनुराग द्विवेदी, आशीष त्रिवेदी, सुशील सिंह, राहुल त्रिवेदी, बबलू लोधी, अंकित पांडेय, सरजू प्रसाद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन आशीष अवस्थी ‘मुन्ना’ ने किया। समापन पर मंदिर समिति के अध्यक्ष शरदेंदु कुमार मिश्र ‘सोनी’ ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार जताया।

Read Also-Tarun Tejpal case-तरुण तेजपाल मामले में कांग्रेस की चुप्पी पर भाजपा ने उठाए सवाल

Related Articles

Back to top button