Sports Athletics-नीरज चोपड़ा को लगा झटका, टखने की चोट के चलते पूरे सीजन से हुए बाहर
Athletics: Setback for Neeraj Chopra; ruled out for the entire season due to an ankle injury.
Sports Athletics-भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने टखने में लगी चोट के कारण मौजूदा सत्र के बाकी मुकाबलों से हटने का फैसला किया है। चोट के चलते वह अगले सप्ताह ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के अलावा सितंबर में जापान के आइची-नागोया में प्रस्तावित एशियाई खेलों में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
28 वर्षीय नीरज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी चोट की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लॉजेन डायमंड लीग में सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद अभ्यास के दौरान उनके टखने के लिगामेंट में चोट लग गई। चिकित्सकों और अपनी टीम से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने इस सीजन को यहीं समाप्त करने का निर्णय लिया।
नीरज ने कहा कि लॉजेन में लंबे समय की मेहनत के बाद उन्हें अपने प्रदर्शन में वह लय महसूस होने लगी थी, जिसकी उन्हें तलाश थी। हालांकि, इसके तुरंत बाद अभ्यास के दौरान लगी चोट ने उनकी योजनाओं पर ब्रेक लगा दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान चोट से अच्छी तरह उबरने और मजबूत वापसी करने पर है।
लॉजेन में किया था सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
नीरज चोपड़ा ने इस सीजन अपना आखिरी मुकाबला लॉजेन डायमंड लीग में खेला था। यहां उन्होंने 88.05 मीटर का थ्रो कर रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले दोहा डायमंड लीग में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 85.69 मीटर रहा था, जिसके साथ वह चौथे स्थान पर रहे थे।
नीरज ने इस सीजन केवल दो डायमंड लीग मुकाबलों में हिस्सा लिया, इसके बावजूद वह ब्रसेल्स में होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे। वह डायमंड लीग रैंकिंग में छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचे थे। चोट के कारण अब वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
राष्ट्रमंडल खेलों में भी जीता था रजत
नीरज ने जुलाई में ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक हासिल किया था। प्रतियोगिता में उन्होंने 85.83 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था।
चोट को लेकर नीरज ने निराशा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि वह अपनी पुरानी लय के करीब पहुंच चुके हैं, लेकिन खेलों में चोट और मुश्किलें भी सफर का हिस्सा हैं। अब उनका लक्ष्य पूरी तरह फिट होकर पहले से बेहतर प्रदर्शन के साथ मैदान पर लौटना है।
एशियाई खेलों में भारत की चुनौती संभालेंगे रोहित यादव
नीरज की गैरमौजूदगी में आइची-नागोया एशियाई खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत की उम्मीदें रोहित यादव पर रहेंगी। रोहित ने हाल में राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लिया था, हालांकि वह पदक जीतने में सफल नहीं हो सके।
नीरज ने पिछले एशियाई खेलों में 88.88 मीटर के शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। भारत ने उस प्रतियोगिता में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण और रजत दोनों पदक अपने नाम किए थे। किशोर जेना ने रजत पदक जीतकर भारत की सफलता को ऐतिहासिक बना दिया था।



