Business News: 10 से आइसक्रीम बेचेगी रिलायंस कंज्यूमर, लॉन्च किया ‘बॉम्बे क्रीमरी’
कोन, कप, टब, बार और स्टिक में मिलेगी आइसक्रीम, पश्चिम भारत से हुई शुरुआत; जल्द पूरे देश में विस्तार की तैयारी
Business News: रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) अब आइसक्रीम बाजार में भी उतर गई है। कंपनी ने ‘बॉम्बे क्रीमरी’ नाम से अपना नया आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया है। इसकी कीमत ₹10 से शुरू होगी।
बॉम्बे क्रीमरी की आइसक्रीम रियल डेयरी क्रीम से बनाई जाएगी। कंपनी ने इसे कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में पेश किया है। फिलहाल इसकी बिक्री पश्चिम भारत से शुरू की गई है और जल्द ही इसे देश के अन्य हिस्सों में उपलब्ध कराने की योजना है।
RCPL के मुताबिक, बॉम्बे क्रीमरी को किफायती कीमत पर प्रीमियम डेयरी अनुभव देने वाले ब्रांड के तौर पर पेश किया गया है। कंपनी अपने बड़े डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, रिटेल पहुंच और कंज्यूमर इनसाइट्स के सहारे आइसक्रीम कैटेगरी में लंबे समय के लिए उतरने की तैयारी कर रही है।
RCPL के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार ने कहा कि बॉम्बे क्रीमरी को इस सोच के साथ तैयार किया गया है कि आइसक्रीम में डेयरी की असली पहचान बनी रहे। कंपनी का कहना है कि वह रियल डेयरी क्रीम से बनी आइसक्रीम को ऐसी कीमत पर उपलब्ध कराना चाहती है, जो भारतीय परिवारों की पहुंच में हो।
बॉम्बे क्रीमरी के साथ RCPL पहली बार आइसक्रीम कैटेगरी में उतरी है। RCPL, रिलायंस इंडस्ट्रीज की FMCG इकाई है और अलग-अलग कंज्यूमर प्रोडक्ट कैटेगरी में अपनी मौजूदगी लगातार बढ़ा रही है।



