Lucknow News-चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी का मामला, लोजपा ने DGP से मांगी कड़ी सुरक्षा

Lucknow News-लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान को कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पार्टी ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। मंगलवार को लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेश कुमार, विकास पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दौरा और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना प्रस्तावित है। धमकी के मद्देनजर उनके कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से डीजीपी को दिए गए ज्ञापन में चिराग पासवान के लिए पर्याप्त और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

सुरक्षा में लापरवाही पर आंदोलन की चेतावनी

राजीव पासी ने कहा कि चिराग पासवान केंद्रीय कैबिनेट मंत्री होने के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उनकी सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही पार्टी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक होती है और कोई अप्रिय घटना सामने आती है, तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन शुरू करेगी। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

आरक्षण के मुद्दे पर भी बोले प्रदेश अध्यक्ष

इस दौरान राजीव पासी ने आरक्षण के मुद्दे पर भी पार्टी का रुख सामने रखा। उन्होंने कहा कि लोजपा के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान ने लंबे समय तक दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि आरक्षण किसी की दया या खैरात नहीं, बल्कि संविधान द्वारा दिया गया अधिकार है। पार्टी सामाजिक न्याय और आरक्षण के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।

Read Also-Pratapgarh News-प्रतापगढ़ में चोरी की वारदात का खुलासा, टिल्लू पंप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: निखिल श्रीवास्तव

Related Articles

Back to top button