Pratapgarh News:प्रतापगढ़ में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, FIR रद्द करने की उठी मांग

Pratapgarh News: Congress holds protest in Pratapgarh in support of Rahul Gandhi; demand raised to quash FIR.

Pratapgarh News:उत्तराखंड के हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कांग्रेस ने प्रतापगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अंबेडकर चौराहे पर जुटे और एफआईआर निरस्त करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर विरोध जताया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया।

राहुल गांधी की आवाज दबाने का लगाया आरोप

कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, गरीबों और वंचित वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं मुद्दों को उठाने के कारण उन्हें मुकदमों और अन्य कार्रवाइयों के जरिए दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी कार्रवाइयों से पीछे हटने वाली नहीं है और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

खड़गे से जुड़े मामले को लेकर भी सरकार पर निशाना

प्रदर्शन के दौरान निवर्तमान प्रदेश सचिव बृजेंद्र मिश्रा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान और कथित जातिवादी छुआछूत से जुड़े मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करीब 20 दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे।

अंबेडकर चौराहे पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता

विरोध प्रदर्शन में वेदांत तिवारी, प्रेम शंकर द्विवेदी, राम शिरोमणि वर्मा, विजय शंकर त्रिपाठी, मासूम हैदर, मोहम्मद इश्तियाक, इंद्रानंद तिवारी, मौलाना वाहिद, प्रशांत सिंह प्रिंशु, सुनीता सिंह पटेल, सरोज कश्यप, राम रतन तिवारी, सुभाष तिवारी, रामकुमार पटेल, शुभम मिश्रा, सुरेश कुमार सरोज, मोहम्मद वसीम, विमल सिंह, अरविंद तिवारी, श्रीराम वर्मा, राजेंद्र वर्मा और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी ने बताया कि प्रदर्शन के माध्यम से राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध किया गया और उसे वापस लेने की मांग की गई।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत

Read Also-Lucknow News-चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी का मामला, लोजपा ने DGP से मांगी कड़ी सुरक्षा

Related Articles

Back to top button