Pratapgarh News:जन्माष्टमी को लेकर अलर्ट मोड में प्रतापगढ़ पुलिस, एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने कृपालु धाम मंदिर का किया निरीक्षण

Pratapgarh News: Pratapgarh Police on high alert for Janmashtami; ADG inspects Kripalu Dham Temple.

Pratapgarh News: आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सुरक्षा के साथ-साथ यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।

इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के साथ थाना कुण्डा क्षेत्र स्थित जगद्गुरु कृपालु भक्ति धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, संभावित भीड़, पार्किंग व्यवस्था, बैरियरिंग, सुरक्षा ड्यूटी प्वाइंट और यातायात प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया।

एडीजी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो। मंदिर परिसर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल की सतर्क तैनाती और भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की प्रभावी चेकिंग करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायण वैस, प्रभारी निरीक्षक थाना कुण्डा अरविन्द सिंह सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रतापगढ़ पुलिस ने जन्माष्टमी पर्व को लेकर स्पष्ट किया कि सुरक्षित श्रद्धालु, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण आयोजन उसकी प्राथमिकता है। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है।

Read Also-Sonbhadra News: डीआईजी विंध्याचल परिक्षेत्र ने किया पुलिस कार्यालय का निरीक्षण

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता

Related Articles

Back to top button