Lucknow News-जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि का दर्शन करेंगे मुख्यमंत्री याेगी
Lucknow News – Chief Minister Yogi to visit Shri Krishna Janmabhoomi on Janmashtami.
Lucknow News- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी पर शुक्रवार की सुबह मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री शाम को लखनऊ पुलिस लाइन और देर रात गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में होने वाले जन्माष्टमी आयोजनों में भी शामिल होंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाएंगे। वह परिसर में गोपूजन करेंगे। इसके पश्चात दर्शन-पूजन कर लीलाधारी भगवान के चरणों में श्रद्धा निवेदित करेंगे। मुख्यमंत्री लखनऊ पुलिस लाइन में शाम को होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि मुख्यमंत्री यहां मंदिर में झांकी दर्शन करेंगे। यहां भक्ति से ओतप्रोत अनेक कार्यक्रम भी होंगे। मुख्यमंत्री आध्यात्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये भक्ति सरिता का आनंद उठाएंगे।
इसके पश्चात देर रात गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में भी गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मिलित होंगे। गोरखनाथ मंदिर में भजनों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर उनके बालरूप को पालने में झुलाएंगे।
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन में भजनों की प्रस्तुति रात 11:30 बजे तक अनवरत होगी। भजन संध्या के दौरान ही गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में सम्मिलित होंगे। यहां भजन सुनने के साथ ही वह बच्चों को खिलौने और चॉकलेट भी भेंट करेंगे। इस अवसर पर श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता भी होगी।
रात 11.30 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना करने पहुंचेंगे। रात 12 बजते ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वह मंदिर के गर्भगृह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाएंगे। इसके बाद वह श्रीकृष्ण के बालरूप को पालने में झुलाएंगे।



