CM Yogi: ‘माफिया बंदूकें लहराते थे, जमीन पर हाथ रखते ही कब्जा कर लेते थे’, लखनऊ से योगी का सपा पर हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित करते हुए 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।

CM Yogi: लखनऊ में आयोजित यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर तत्कालीन सरकार पर तीखा हमला बोला। बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में माफिया का प्रभाव इतना बढ़ गया था कि कई जगहों पर उनकी समानांतर व्यवस्था चलती थी।

‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की पहचान बन गई थी यूपी

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उनके मुताबिक हर जिले में माफिया का प्रभाव था और हत्या, फिरौती, अपहरण, कब्जा और गुंडा टैक्स जैसी गतिविधियां बढ़ रही थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेशेवर अपराधी सत्ता की समानांतर व्यवस्था चला रहे थे। योगी ने कहा कि उस दौर में आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी और निवेशक भी असुरक्षित महसूस करते थे। बाहर से आने वाला निवेशक कारोबार की उम्मीद लेकर आता था, लेकिन उसे वसूली की पर्ची मिलती थी।

‘माफिया जहां हाथ रख देता था, जमीन उसकी हो जाती थी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय माफिया खुलेआम बंदूकें लहराते हुए घूमते थे और उन्हें किसी तरह का डर नहीं था। उन्होंने दावा किया कि माफिया कहीं से भी अपना नेटवर्क चला सकते थे और जिस जमीन पर हाथ रख देते थे, उस पर कब्जा कर लेते थे।

योगी ने कहा कि तत्कालीन सरकार इन परिस्थितियों के सामने मौन बनी रहती थी। उनके मुताबिक कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति का सीधा असर प्रदेश के विकास और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा।

दंगों और कर्फ्यू का भी किया जिक्र

सीएम योगी ने दावा किया कि 2017 से पहले यूपी में त्योहारों के दौरान भी तनाव और उपद्रव की स्थिति बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि कई बार दंगों के कारण लंबे समय तक कर्फ्यू लगता था, जिससे स्कूल-कॉलेज और बाजार तक बंद करने पड़ते थे।

उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती थी और आर्थिक गतिविधियां भी रुक जाती थीं। योगी के मुताबिक उस दौर में यूपी को लेकर देश के दूसरे हिस्सों में भी एक नकारात्मक धारणा बन गई थी।

UP Politics: ‘फिर डपटे जाएंगे डिप्टी…’, केशव मौर्य के बयान पर अखिलेश का तंज, सड़क के बहाने योगी सरकार पर साधा निशाना

‘अब यूपी में कानून का राज’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि अब यूपी में अपराध, अपराधी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है।

योगी ने कहा कि आज प्रदेश में कर्फ्यू, दंगा, माफिया और अराजकता जैसी स्थितियां नहीं हैं। उनके मुताबिक कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ यूपी अब उद्योग और निवेश के लिए भी बेहतर माहौल तैयार कर रहा है।

Related Articles

Back to top button