Earphone Tips: जेब में रखते ही क्यों उलझ जाती है ईयरफोन की तार? अपनाएं ये आसान ट्रिक

Earphone Tips: ईयरफोन की तार को बार-बार सुलझाने से हैं परेशान? फिगर-8 रैपिंग समेत ये आसान तरीके मिनटों में खत्म कर देंगे आपकी समस्या।

Earphone Tips:

अगर आप रोजाना संगीत सुनते हैं, ऑनलाइन मीटिंग करते हैं या फोन कॉल के लिए वायर्ड ईयरफोन का इस्तेमाल करते हैं, तो एक समस्या से जरूर दो-चार होते होंगे—जेब या बैग से निकालते ही तार का बुरी तरह उलझ जाना। कई बार जल्दबाजी में तार सुलझाने में ही काफी समय बर्बाद हो जाता है। हालांकि, कुछ आसान उपाय अपनाकर इस परेशानी से बचा जा सकता है।

फिगर-8 तकनीक सबसे कारगर

ईयरफोन की तार को उलझने से बचाने के लिए फिगर-8 रैपिंग तकनीक काफी प्रभावी मानी जाती है। इसके लिए अपनी पहली और छोटी उंगली के बीच तार को आठ (8) के आकार में लपेटें। इसके बाद बची हुई तार को बीच में लपेटकर लॉक कर दें। इससे तार अपनी जगह पर बनी रहती है और गांठ पड़ने की संभावना कम हो जाती है।

मोबाइल के साथ रखें व्यवस्थित

अगर ईयरफोन हमेशा आपके फोन के साथ रहता है, तो तार को मोबाइल के चारों ओर हल्के हाथ से लपेट सकते हैं। इससे ईयरफोन और फोन दोनों एक साथ व्यवस्थित रहते हैं। हालांकि, तार को बहुत ज्यादा कसकर नहीं लपेटना चाहिए, क्योंकि इससे वायर को नुकसान पहुंच सकता है।

बाइंडर क्लिप का करें इस्तेमाल

ऑफिस या घर में मौजूद साधारण बाइंडर क्लिप भी इस समस्या का समाधान बन सकती है। ईयरफोन को लपेटकर क्लिप से सुरक्षित कर दें। इससे तार खुलकर उलझेगी नहीं और जरूरत पड़ने पर आसानी से इस्तेमाल की जा सकेगी।

पुराने कार्ड से बनाएं होल्डर

किसी पुराने एटीएम, विजिटिंग या प्लास्टिक कार्ड को ईयरफोन होल्डर में बदला जा सकता है। कार्ड पर छोटे कट लगाकर ईयरबड्स फिक्स करें और तार को उसके चारों ओर लपेट दें। यह तरीका यात्रा के दौरान काफी उपयोगी साबित हो सकता है।

तार पहले से उलझ गई है तो क्या करें?

यदि ईयरफोन की तार पहले से गांठों में फंस चुकी है, तो उसे जोर से खींचने की गलती न करें। किसी समतल सतह पर रखकर धीरे-धीरे एक-एक गांठ खोलें। इससे अंदर की वायर सुरक्षित रहेगी और ईयरफोन खराब होने का खतरा भी कम होगा।

छोटी-सी सावधानी और सही स्टोरेज तकनीक अपनाकर आप ईयरफोन की तार को उलझने से बचा सकते हैं। फिगर-8 ट्रिक, बाइंडर क्लिप या कार्ड होल्डर जैसे आसान उपाय न केवल समय बचाते हैं, बल्कि ईयरफोन की उम्र भी बढ़ाने में मदद करते हैं।

Related Articles

Back to top button