adevertisment Adevertiisment banner

Unnao News-ध्वनि के विज्ञान को प्रयोगों से समझा, बोतलों और गुब्बारों से बनाए वाद्ययंत्र

LBD गतिविधि से बच्चों ने जाना वायु प्रवाह और कंपन का रहस्य, प्रयोगात्मक शिक्षा से बढ़ रही वैज्ञानिक समझ

Unnao News-औरास विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में लर्निंग बाय डूइंग (LBD) के अंतर्गत शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी प्लास्टिक की बोतलों, गुब्बारों और अन्य सामग्रियों से विभिन्न वाद्ययंत्र बनाकर विज्ञान की अवधारणाओं को रोचक एवं व्यावहारिक तरीके से सीखा।
गतिविधि के दौरान बच्चों ने समझा कि ध्वनि किसी वस्तु के कंपन से उत्पन्न होती है और माध्यम में तरंगों के रूप में आगे बढ़ती है। बोतल के मुँह से हवा प्रवाहित करने पर उसके भीतर की वायु में कंपन उत्पन्न होता है, जिससे ध्वनि सुनाई देती है। गुब्बारे जैसी लचीली सामग्री में कंपन से भी ध्वनि उत्पन्न की जा सकती है। बोतल के आकार और उसमें हवा की मात्रा में बदलाव से ध्वनि की प्रकृति बदल सकती है। बच्चों ने प्रयोगों के माध्यम से वायु प्रवाह, कंपन और ध्वनि के पारस्परिक संबंध को समझा।
कोमल, अंजली, सीरत, मयंक, आकाश, आशिकी और माही सहित विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। अनुपयोगी बोतलों का पुनः उपयोग कर बच्चों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए वैज्ञानिक मॉडल बनाए। इससे उनमें संसाधनों के सदुपयोग के साथ जिज्ञासा, अवलोकन क्षमता, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान कौशल को बढ़ावा मिला। बोतल काटने तथा उपकरणों के उपयोग जैसे कार्य शिक्षक की प्रत्यक्ष देखरेख में कराए गए।
विद्यालय में LBD के अंतर्गत सप्ताह के अलग-अलग दिनों में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे वे करके और अनुभव से विज्ञान सीख सकें।
बीईओ दीपेश कुमार ने कहा कि रामपुर गढ़ौवा में डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के निर्देशन में LBD के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसी गतिविधियाँ विज्ञान की अवधारणाओं को सरल और सहज बनाती हैं तथा बच्चों को प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और तर्क के आधार पर निष्कर्ष निकालने के लिए प्रेरित करती हैं। इससे विज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ेगी और भविष्य में जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने में भी सहायता मिलेगी।

Read Also-New Delhi News-कारगिल से लेकर दाऊद-लादेन तक, यूएन में भारत ने खोली पाकिस्तान की पोल

Related Articles

Back to top button