Prayagraj: छात्र की ट्रेन से मौत के मामले में पुलिस का खुलासा, स्कूल पर लगे आरोपों को बताया निराधार
Prayagraj: सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि छात्र स्कूल के गेट तक नहीं पहुंचा था, एसीपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
Prayagraj: घूरपुर क्षेत्र के इरादतगंज स्थित सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल के छात्र की ट्रेन से कटकर मौत के मामले में गुरुवार शाम पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस कर जांच की जानकारी दी। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच में छात्र के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। फुटेज के आधार पर छात्र स्कूल के मुख्य गेट तक पहुंचा ही नहीं था।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आई स्थिति
एसीपी अब्दुस सलाम खान के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में छात्र सुबह 8 बजकर 24 मिनट पर स्कूल जाते समय रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर दिखाई दिया। जांच में छात्र और उसके पिता स्कूल परिसर के पास भी नजर नहीं आए। पुलिस का कहना है कि छात्र स्कूल के गेट तक नहीं पहुंचा था।
एसीपी ने बताया कि छात्र को स्कूल छोड़ने के लिए उसका पिता नहीं आया था, बल्कि अनवर नाम का एक अन्य युवक वहां पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में सामने आए तथ्यों के आधार पर पिता की ओर से स्कूल पर लगाए गए आरोप निराधार पाए गए हैं।
रेलवे ट्रैक पार करते समय हुई थी छात्र की मौत
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे करमा के चकसंगतदास निवासी नौ वर्षीय एजादन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वह सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। बताया गया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
स्कूल पर प्रताड़ित करने का लगाया था आरोप
छात्र की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि एक मिनट देर से पहुंचने के कारण स्कूल प्रबंधन ने उसे वापस कर दिया था और प्रताड़ित किया था। इस घटना से नाराज परिजनों ने स्कूल परिसर में तोड़फोड़ करते हुए हंगामा किया था। करीब छह घंटे बाद परिजनों ने छात्र का शव पुलिस को सौंपा था।
पुलिस ने अब सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर मामले में अपना पक्ष सामने रखा है। एसीपी ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध फुटेज में छात्र के स्कूल गेट तक पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है।



